इंदौर के अनाथ आश्रम में दो दिन में चार बच्चों की मौत

इन्दौर, 2 जुलाई (हि.स.)। इंदौर के एक अनाथ आश्रम में कुछ बच्चों की तबीयत बिगड़ने से दो दिन में अब तक चार बच्चों की मौत हो गई। इंदौर के पंचकुइयां स्थित युगपुरूष धाम बौद्धिक विकास केन्द्र में हुई घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत कलेक्टर आशीष सिंह मंगलवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ युगपुरूष धाम और चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय पहुंचे। यहां उन्होंने बीमार बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में भर्ती बीमार बच्चों के बेहतर से बेहतर इलाज के निर्देश दिये। कलेक्टर आशीष सिंह दोपहर पश्चात पुन: युगपुरूष धाम भी पहुंचे। यहां उन्होंने विस्तार से निरीक्षण किया और घटना के संबंध में वस्तु स्थिति तथा अन्य जानकारियां प्राप्त की।

कलेक्टर आशीष सिंह घटना की जानकारी मिलते ही स्वयं तो घटना स्थल पहुंचे ही, बाद में तुरंत अपर कलेक्टर राजेन्द्र रघुवंशी के नेतृत्व में फूड सेफ्टी, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों का दल भी प्रारंभिक जाँच के लिए युगपुरूष धाम भेजा। दल ने निरीक्षण कर वस्तु स्थिति देखी। दल ने खाद्य सामग्री के सेम्पल भी जाँच हेतु लिये है। कलेक्टर ने चिकित्सकों को निर्देशित किया है कि बीमार बच्चों का बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित करें।

कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि युगपुरूष धाम के कुल 20 बच्चों को चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। विगत दो दिनों में चार बच्चों की मृत्यु हुई है। कलेक्टर ने एमवाय अस्पताल और चाचा नेहरू अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम बनाकर युगपुरुष धाम के प्रत्येक बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण भी प्रारंभ करा दिया है। मृत बच्चों के नाम शुभम उर्फ करण, आकाश, शुभ और छोटा गोविंद है। सभी की उम्र 5 से 15 साल के बीच है।

संपूर्ण घटनाक्रम की विस्तृत जाँच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित

कलेक्टर आशीष सिंह ने निर्देश दिये हैं कि बच्चों के बीमार पड़ने की घटना की विस्तृत एवं गहनता के साथ जाँच की जाये। उन्होंने संपूर्ण घटनाक्रम की विस्तृत जाँच के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की है। इस समिति में अपर कलेक्टर गौरव बेनल, संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास डॉ. संध्या व्यास, चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय की अधीक्षक एवं शिशु रोग विभाग की विभागाध्यक्षक डाँ. प्रीति मालपानी तथा वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉं. श्रीलेखा जोशी को शामिल किया गया है।

कलेक्टर ने एसडीएम को हटाया

कलेक्टर आशीष सिंह ने मल्हारगंज क्षेत्र के एसडीएम ओमनारायण सिंह बडकुल को एसडीएम पद से हटाते हुए उन्हें जिला निर्वाचन कार्यालय में अटैच किया है।