रामगढ़ में चार लड़कों ने किया युवती का बलात्कार, वीडियो किया वायरल

रामगढ़, 04 मई (हि.स.) । रामगढ़ थाना क्षेत्र में चार नाबालिग लड़कों ने एक युवती के साथ सामूहिक बलात्कार किया। उन लड़कों की मानसिक कुंठा वहीं खत्म नहीं हुई। उन लोगों ने पहले लड़की को धमकी दी और फिर बाद में उसका सेक्स वीडियो वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होते ही पूरे जिले में सनसनी फैल गई। मामला जैसे ही थाने पहुंचा रामगढ़ पुलिस भी सक्रिय हुई। आनन-फानन में छापेमारी शुरू हुई। पुलिस ने उन चारों लड़कों को गिरफ्तार कर लिया है, जो उस वीडियो में नजर आ रहे थे और जिन लोगों ने वीडियो बनाकर वायरल किया था।

बलात्कार की पीड़िता को मिली थी धमकी

बलात्कार की पीडि़ता 18 वर्षीया युवती ने पुलिस को बताया कि बलात्कार करने वाले लड़कों ने उसे धमकी दी थी। पहले तो उसके साथ जबरन बलात्कार किया गया। फिर उसका सेक्स वीडियो भी उन लोगों ने बनाया। बाद में कहा कि अगर वह अपने घर में इस वारदात की जानकारी देगी तो सोशल मीडिया पर उसका वीडियो वायरल कर दिया जाएगा। इस डर से उसने अपने घर में 21 अप्रैल 2024 की दोपहर को हुई इस वारदात की जानकारी नहीं दी थी।

क्या है पूरा मामला

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 21 अप्रैल 2024 की दोपहर 11:30 बजे वह अपने घर से निकली थी। सिरका अरगड्डा डंपिंग यार्ड के पास चारों लड़कों ने उसे मिले और उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे जबरन झाड़ी की तरफ ले गए और उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। सभी लड़कों की उम्र 15 से 17 वर्ष के बीच की है। पीड़िता ने बताया कि उन लोगों ने उसका सेक्स वीडियो फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया पर वायरल किया, जो कि उसके परिजनों ने देखा। तीन मई को परिजनों से ही पीड़िता की मां को इस वायरल वीडियो की जानकारी मिली।

कड़ी मशक्कत कर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा

पीड़िता ने सामूहिक बलात्कार करने वाले लड़कों की पहचान पुलिस को बताई। इसके बाद पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर उन चारों लड़कों को पकड़ा। उनके खिलाफ रामगढ़ थाने में कांड संख्या 123/24 दर्ज किया गया है। पुलिस ने उन आरोपितों पर आईपीसी की धारा 376 (डी), 120 (बी) और आईटी एक्ट 66 (ई), 67 और 67 (ए) के तहत मामला दर्ज किया है।