पहली बार मतदाता बिना किसी बहकावे में आए सोच-समझकर कर रहे मतदान : सुप्रियो भट्टाचार्य

रांची, 24 मई (हि.स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि ये पहली बार है जब मतदाता बिना किसी बहकावे में आए सोच-समझकर मतदान कर रहे हैं। भाजपा इस चुनाव में पहले चरण से ही पिछड़ती नजर आ रही है।

भट्टाचार्य शुक्रवार को हरमू स्थित पार्टी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा जो भाषा इस्तेमाल कर रही है। धर्म के नाम पर, संप्रदाय के नाम पर। जब समाज का एक बड़ा वर्ग उन्हें निष्कासित करने लगा तो धर्म से नीचे उतरकर वह जाति समूह में बदल गई। जब चुनाव में टिकटों का बंटवारा हो रहा था। क्षत्रिय समाज को टिकट से वंचित किया गया तो उनकी नाराजगी सामने आई। कायस्थ समूह को भी अपमानित करने का काम किया गया।

सुप्रियो ने कहा कि देश के बड़े नौकरशाह, विदेशी और आर्थिक मामलों के जानकार यशवंत सिन्हा के पुत्र जयंत सिन्हा वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान रखते हैं। उनको भी निशाना बनाया। क्योंकि, वे जानते हैं कि हजारीबाग वे हार गए। इसलिए हार का ठीकरा उनके सिर फोड़ने की तैयारी है। धनबाद का भी जनादेश आएगा तो राज सिन्हा को राजनीतिक मोहरा बनाया गया।

सुप्रियो ने कहा कि ये लोग सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास का नारा लगाते हैं। जब नेताओं को शोकॉज किया गया और उनके जवाब आए तो भाजपा ने कहा कि ये सामंतवादी सोच के लोग हैं। कैसे-कैसे रंग बदलते रहते हैं ये लोग। केवल चुनाव जीतना है। उन्होंने कहा कि शनिवार को चार जगहों पर जहां मतदान होने हैं वहां मतदाता मताधिकार का प्रयोग करें।