बदरीनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब! कपाट खुलने के बाद से अब तक 69 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
गोपेश्वर। श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलते ही भक्तों का तांता लग गया है और हर बीतते दिन के साथ श्रद्धालुओं की संख्या में जबरदस्त इजाफा हो रहा है। 23 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद से अब तक कुल 69,044 तीर्थयात्री भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर चुके हैं।
एक ही दिन में 16 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
सोमवार को धाम में एक दिन में ही 16,819 तीर्थयात्रियों ने भगवान बदरी विशाल के चरणों में शीश नवाया। श्रद्धालुओं की इस भारी भीड़ से धाम में एक अलग ही रौनक और आस्था का माहौल बना हुआ है। होटल और धर्मशालाएं यात्रियों से भरी हुई हैं और स्थानीय कारोबारियों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आ रही है।
देश-विदेश से पहुंच रहे भक्त, माणा गांव में भी बढ़ी चहल-पहल
श्री बदरीनाथ धाम में केवल देश के कोने-कोने से ही नहीं बल्कि विदेशों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भारत के प्रथम गांव माणा में भी यात्रियों की आमद से स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों में उत्साह की लहर है। चमोली जिले के प्रवेश द्वार गौचर से लेकर बदरीनाथ धाम तक पूरे यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की चहलकदमी से सभी पड़ाव गुलजार हो उठे हैं।
23 अप्रैल को खुले थे धाम के कपाट
श्री बदरीनाथ धाम के कपाट इस वर्ष 23 अप्रैल को विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले गए थे। परंपरा के अनुसार यह कपाट छह माह के लिए खोले जाते हैं और इस दौरान लाखों भक्त भगवान बदरी विशाल का आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं। कपाट खुलने के पहले ही दिन से श्रद्धालुओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में यह संख्या और भी बढ़ेगी।