फतेहाबाद: हमने लड्डूओं के आर्डर कर दिए है: अशोक तंवर

फतेहाबाद, 3 जून (हि.स.)। सिरसा लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अशोक तंवर ने सोमवार को फतेहाबाद व रतिया में कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करने के लिए धन्यवाद सम्मेलनों को संबोधित किया। तंवर ने कहा कि इस चुनाव में कार्यकर्ताओं ने दिन-रात एक करके जो मेहनत की है, उसके लिए वह उनका धन्यवाद करते हैं।

उन्होंने कहा कि कुछ शरारती तत्व कांग्रेस से संबंधित लोगों ने किसानों का नकाब ओढक़र विरोध किया, रास्ते रोके मगर जनता ने उनका मुंह तोड़ जवाब दिया है। तंवर ने दावा किया कि सिरसा लोकसभा सीट से उनकी बड़े मार्जिन से जीत होगी और देश में भाजपा 400 का आंकड़ा पार करेगी। हरियाणा में भाजपा 10 की 10 लोकसभा सीट जीतेगी।

कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करने उपरांत मीडिया से बात करते हुए भाजपा उम्मीदवार अशोक तंवर ने कहा कि आप देखना सट्टा बाजार व मीडिया का आंकलन धरे रह जाएंगे। सिरसा से अशोक तंवर, कमल का निशान, नरेन्द्र मोदी ऐतिहासिक मतों से जीतेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी जीत है इसलिए हमने लड्डूओं के आर्डर कर दिए है। उन्होंने कहा कि रतिया के विधायक लक्ष्मण नापा, जिला प्रधान बलदेव ग्रोहा व कार्यकर्ताओं ने बहुत मेहनत की है।

भाजपा का साइलेंट वोट है जो किसी को नजर नहीं आता। अशोक तंवर ने कहा कि साधारण परिवारों के 36 वर्गों के मतदाता भाजपा को वोट दे रहे है। जो लोग कांग्रेस का नैरेटिव बनाने की कोशिश कर रहे है उनकी वजह है इनेलो की बोलने वाली वोट कांग्रेस में शिफ्ट हो गई है। इनेलो का वोट भी बजती ज्यादा थी लेकिन ढोलकी खाली निकलती थी। इस बार कांग्रेस के साथ भी यही होने वाला है। चुनाव प्रचार के दौरान हुए विरोध पर भाजपा प्रत्याशी ने कहा विपक्ष ने कुछ साथियों को गुमराह करने की कोशिश की। इस अवसर पर फतेहाबाद के विधायक दुड़ाराम, रतिया के विधायक लक्ष्मण नापा, भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा, चेयरमैन भारत भूषण मिढ़ा, राजपाल बैनीवाल, शहरी मंडल अध्यक्ष सुखविंद्र गोयल, नगरपालिका वाइस चेयरमैन जोगिंद्र नंदा, ब्लॉक समिति चेयरमैन केवल कृष्ण मेहता सहित अनेक कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित थे।