सरकार से हक मांगने पर किसानों, कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सरपंचों ने खाये हैं लट्ठ : सैलजा

फतेहाबाद, 11 मई (हि.स.)। सिरसा लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार कुमारी सैलजा ने कहा कि जिसने भी अन्नदाता को दु:खी किया, उससे तो ऊपर वाला दाता भी नाराज हो जाता है। इस भाजपा सरकार ने तो किसानों के उत्पीडऩ और शोषण की सारी हदें पार कर दी है। इस सरकार के कार्यकाल में अपना हक मांगने वाले किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सरपंचों ने सरकार के लट्ठ खाये है। पीठ पर पड़े एक-एक लट्ठ का अब वोट की चोट से जवाब देने का समय आ गया है। वे शनिवार को टोहाना विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार कर रहीं थी।

गांव जांडली में सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अब से चुनाव मेरा नहीं रहा, इस चुनाव को तो आपने अपना बना लिया है। अब बदलाव का समय है। देश एक ही बात सोच रहा है कि इन भाजपा नेताओं को क्या हो गया है, ये अपने आप को विश्व का सबसे बड़ा नेता मानने लगे हैं। भाजपा भूल रही है कि लोकतंत्र में असली ताकत जनता की होती है, नेताओं की कोई ताकत नहीं हैं।

कुमारी सैलजा ने कहा कि दो बार गलती कर ली है, तीसरी बार गलती मत करना, वर्ना कोई नहीं बचेगा, न संविधान बचेगा, न लोकतंत्र बचेगा, न किसान, न मजूदर बचेगा। सभी से बोलने तक का अधिकार छीन लिया जाएगा। दो बार राज देकर जनता ने देख लिया कि हक मांगने वाले किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सरपंचों ने सरकार के लट्ठ खाये हैं। लोगों को महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार रूपी सौगात दी गई है। मोदी सरकार ने जबरन टीका लगा लगाकर लोगोंं को मार दिया, वो टीका जिस पर मोदी का फोटो था और टीकाकरण का प्रमाणपत्र न होने पर सरकारी कार्यालय में लोगों को घुसने तक नहीं दिया जाता था। फेमिली आईटी और पोर्टल पोर्टल खेलकर जनता की नाक में दम कर दिया। इस मौके पर पूर्व मंत्री परमवीर सिंह, पूर्व मंत्री अतर सिंह सैनी, निशान सिंह आदि मौजूद थे।