अगर आप सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते हैं, तो आपको सिर्फ तकनीकी जानकारी नहीं बल्कि सतर्कता और समझदारी भी चाहिए, क्योंकि अब सोशल मीडिया झूठी खबरों का अड्डा बन चुका है। हाल ही में एक दावा वायरल हो रहा है कि सरकार पूर्व भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के सम्मान में 7 रुपये का नया सिक्का जारी करने जा रही है।
वायरल दावा
सोशल मीडिया पर एक तस्वीर तेज़ी से फैल रही है, जिसमें रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) का नाम लिया गया है। इस तस्वीर में दावा किया जा रहा है कि “RBI महेंद्र सिंह धोनी के सम्मान में 7 रुपये का नया सिक्का जारी करने जा रहा है। थाला एक बार फिर चमक रहे हैं।”
सच सामने आया
प्रेस इन्फर्मेशन ब्यूरो (PIB) द्वारा की गई फैक्ट चेक में इस दावे को पूरी तरह से झूठा बताया गया है। PIB ने अपनी आधिकारिक पोस्ट में कहा,
“सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इमेज में यह दावा किया जा रहा है कि भारतीय क्रिकेट में योगदान के लिए महेंद्र सिंह धोनी के सम्मान में 7 रुपये का नया सिक्का जारी किया जाएगा। यह दावा पूरी तरह से गलत है।”
आगे उन्होंने स्पष्ट किया,
“आर्थिक मामलों के विभाग ने ऐसी कोई भी घोषणा नहीं की है।”
एमएस धोनी का क्रिकेट करियर
महेंद्र सिंह धोनी, जिन्हें भारत के सबसे सफल कप्तान के रूप में जाना जाता है, ने 2007 में भारत को पहला T20 विश्व कप जीताया था। इसके बाद 2011 में उनकी कप्तानी में भारत ने ODI विश्व कप जीता। धोनी अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायर हो चुके हैं, लेकिन IPL में खेलना जारी रखे हुए हैं। उन्होंने 90 टेस्ट मैचों में 4876 रन बनाए, वहीं 350 एकदिवसीय मैचों में 10,773 रन और 98 T20 मैचों में 1617 रन बनाए हैं। IPL में वह अब तक 264 मैच खेल चुके हैं और 5243 रन बना चुके हैं।
इस खबर से यह भी साबित होता है कि हमें सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली खबरों को बिना पुष्टि किए न मानना चाहिए।