आकांक्षी ब्लॉक के सभी मानकों की पूर्णता के लिए सभी की सहभागिता आवश्यक : विनायक गोयल

जगदलपुर, 5 जुलाई (हि.स.)। नीति आयोग के आकांक्षी जिला-विकासखंड के सूचकांक का सम्पूर्णता अभियान के तहत जिलास्तरीय कार्यक्रम तोकापाल के कृषि मंडी परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने कहा कि आकांक्षी ब्लॉक के सम्पूर्णता अभियान के सभी मानकों को सभी की सहभागिता से पूर्ण किया जाना है।

सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी नागरिकों को लेना चाहिए, महिलाओं के लिए संचालित योजनाओं से आर्थिक सम्बलता और स्वास्थ्य सुविधा से एक बेहतर स्वास्थ्य पाया जा सकता है। साथ ही किसानों के लिए मृदा परीक्षण की मिल रही सुविधा का लाभ से बेहतर कृषि कर उत्पादन को बढ़ाया जा सकता है। प्रदेश सरकार की महतारी वंदन योजना, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी जैसे अन्य योजनाओं का लाभ उठाएं। इस दौरान आकांक्षी ब्लॉक तोकापाल के 317 स्व सहायता समूह को रिवाल्विंग फंड के तहत 47 लाख 55 हजार की स्वीकृति दी गई है। कार्यक्रम में तीन स्व सहायता के सदस्यों को चेक वितरण किया गया। साथ ही कृषि विभाग द्वारा किसानों को स्वाइल हेल्थ कार्ड, स्वास्थ्य विभाग द्वारा सिकलसेल कार्ड, बायोपिक चश्मा व आयुष्मान कार्ड, समाज कल्याण और शिक्षा विभाग द्वारा दिव्यांग बच्चे को ट्राइसाइकिल, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण पेटी का वितरण किया गया। आकांक्षी ब्लॉक के स्कूलों में रंगोली प्रतियोगिता के विजेताओं को भी पुरस्कार दिया गया। कार्यक्रम में वन विभाग के एक पेड़ मां के नाम पर अतिथियों ने पौध रोपण किया।

कार्यक्रम में कलेक्टर विजय दयाराम ने कहा कि सरकार ने आकांक्षी योजना का जिलों और आकांक्षी ब्लॉकों में संचालन कर अपेक्षाकृत पिछड़े और दूरदराज के क्षेत्रों के तेजी से विकास को सुनिश्चित करने के लिए किया गया था। प्रदेश के 20 आकांक्षी ब्लॉकों में बस्तर जिले में तोकापाल ब्लॉक है जिसमें सरकार द्वारा निर्धारित सूचकांकों में पूर्णता की स्थिति पाने के लिए सम्बंधित विभाग द्वारा पहल की जा रही है। सम्पूर्णता अभियान के तहत तीन दिन विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में आयोजित नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वास्थ्य के लिए दिए संदेश का सभी पालन करें। कार्यक्रम को पूर्व विधायक लच्छूराम कश्यप, सीईओ जिला पंचायत प्रकाश सर्वे ने संबोधित किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत के अध्यक्ष एवं सदस्य सहित जिला स्तरीय अधिकारी, बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

ज्ञात हो कि सम्पूर्णता अभियान का उद्देश्य 112 आकांक्षी जिलों और 500 आकांक्षी ब्लॉकों में चुने गए संकेतक में संतृप्ति (शत-प्रतिशत) प्राप्त करना है। संकेतक स्वास्थ्य पोषण कृषि, सामाजिक विकास और शिक्षा जैसे विषयों से संबंधित है। उक्त संकेतकों को आगामी तीन माह (01 जुलाई से 30 सितम्बर 2024) तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। सम्पूर्णता अभियान के तहत सूचकांको को शत-प्रतिशत करने का प्रयास किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत संपूर्णता अभियान यात्रा से को जिला एवं ब्लॉक स्तर पर सम्पूर्ण विकासखण्डों में स्कूली बच्चे, मितानीन, स्व सहायता समूह के द्वारा सभी ग्राम पंचायतों में रैली का आयोजन किया गया। सम्पूर्णता अभियान ज्योति कार्यक्रम 06 जुलाई को मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में आयोजन किया जाएगा साथ ही नुक्कड नाटक एवं कला जत्था के माध्यम से सूचकांकों के बारे में जानकारी दी जायेगी एवं पुरस्कार वितरण किया जाएगा।