उत्साह से भरे मनीष जायसवाल की स्ट्राइक, गोटियों की तरह बिखरेंगे विपक्षी

रामगढ़, 26 अप्रैल (हि.स.) । हजारीबाग लोकसभा चुनाव के नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। चुनाव में किस्मत आजमा रहे प्रत्याशी भी लगातार जनता के बीच घूम रहे हैं। लेकिन उत्साह से भरे भाजपा के उम्मीदवार मनीष जायसवाल की स्ट्राइक से विपक्षी खेमा गोटियों की तरह बिखरा हुआ नजर आ रहा है। मनीष जायसवाल शुक्रवार को 42 डिग्री सेल्सियस तापमान में चुनाव प्रचार करने रामगढ़ के गोला प्रखंड में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने जनता के साथ तो संवाद किया ही। लेकिन पेड़ के नीचे कैरम बोर्ड खेल रहे कुछ युवाओं के साथ भी उन्होंने चंद पल बिताए। उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा किए गए कार्य और अपनी कर्मठता पर इतना भरोसा है कि वे चुनाव प्रचार से अलग होकर अपने मनोरंजन का साधन भी ढूंढ लेते हैं। चुनाव प्रचार के कई रंग आम जनता ने देखे हैं। लेकिन घर-घर जाकर मनीष जायसवाल का लोगों से आशीर्वाद मांगना स्पष्ट कर रहा है कि हजारीबाग का चुनाव इंडिया गठबंधन पर भारी पड़ने वाला है।

11 पंचायत के 18 गांव में चलाया जनसंपर्क अभियान

भाजपा उम्मीदवार मनीष जायसवाल ने गोला प्रखंड के 11 पंचायत के 18 गांव में जनसंपर्क अभियान चलाया। हुप्पु पंचायत स्थित ग्राम तोयर के स्व.दशरथ महतो चौक से शुरू हुआ उनका अभियान कई गांव से होकर गुजरा। इसमें हुप्पू, खोखा, बंदा, मूरपा, कोराम्बे, रकवा, सुतरी, मगनपुर बाज़ारटांड़, सोसोकला, कुम्हारदग्गा, डभातु बाज़ार टांड़, बरियातू अखाड़ा, कामता बरवाटांड़, गोला चौक बाज़ार और चाडी हेरमदग्गा शामिल हैं।

मोदी की गारंटी को करें स्वीकार, तीसरी बार बनाए मोदी सरकार

चुनाव प्रचार के दौरान मनीष जायसवाल ने कहा कि जनता मोदी की गारंटी को स्वीकार करें और तीसरी बार मोदी सरकार बनाएं। उन्होंने कहा कि लोगों में एनडीए और भाजपा विशेषकर मोदी सरकार को लेकर एक अलग तरीके का उत्साह देखा जा रहा है। मोदी सरकार ने राष्ट्रवाद, विकास, सुरक्षा और सुशासन के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य कर देश और देश वासियों का मान- सम्मान बढ़ाया है।