'रामायण' के सेट पर यश ने क्यों खराब किया माहौल? रणबीर कपूर ने खोला कन्नड़ सुपरस्टार का बड़ा राज
नितेश तिवारी की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'रामायण' इन दिनों सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में छाई हुई है। बॉलीवुड सुपरस्टार रणबीर कपूर और 'रॉकिंग स्टार' यश अपनी इस मच अवेटेड फिल्म का जोरों-शोरों से प्रमोशन कर रहे हैं। इसी इवेंट के दौरान यश ने रावण के खूंखार किरदार में ढलने की अपनी अनोखी प्रक्रिया के बारे में कई मजेदार और हैरान करने वाले खुलासे किए हैं, जिसने फैंस की एक्साइटमेंट को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।
बड़े स्पीकर्स और शिव भजनों की गूंज
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान यश ने बताया कि सेट पर रावण के गेटअप में उनका भारी-भरकम मुकुट उन्हें किरदार की गहराई में उतरने में बहुत मदद करता था। बातचीत के दौरान निर्देशक नितेश तिवारी ने जब यश को उनके म्यूजिक प्रेम की याद दिलाई, तो एक्टर ने हंसते हुए कहा कि उन्होंने सेट का पूरा माहौल ही खराब कर दिया था। दरअसल, यश अपने साथ बड़े-बड़े स्पीकर्स लेकर आते थे और फुल वॉल्यूम में भगवान शिव के भजन बजाते थे। चूंकि रावण भगवान शिव का परम भक्त था, इसलिए यश भी उसी आध्यात्मिक और रौद्र धुन में खो जाना चाहते थे।
रणबीर कपूर ने की यश की एनर्जी की तारीफ
यश ने मजाकिया अंदाज में बताया कि म्यूजिक इतना तेज होता था कि सेट पर मौजूद क्रू मेंबर्स को आपस में बात करने में भी भारी परेशानी होती थी। इस पर रणबीर कपूर ने भी सहमति जताते हुए खुलासा किया कि भले ही उन्होंने यश के साथ अभी तक कोई सीन शूट नहीं किया है, लेकिन सेट पर मौजूद लोग बताते हैं कि यश की इस अनोखी और दमदार तरकीब से पूरे सेट की एनर्जी ही बदल जाती थी।
कॉमिक-कॉन से लीक हुआ 'रामायण' का धांसू ट्रेलर!
इस मेगा-बजट फिल्म को लेकर दर्शकों के क्रेज का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रेलर की सुरक्षा के बावजूद क्लिप्स इंटरनेट पर आ गई हैं। 18 जुलाई को नई दिल्ली के 'प्रथम संकल्प' इवेंट और फिर 23 जुलाई को सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में दिखाए गए ट्रेलर के कई हिस्से ऑनलाइन लीक हो चुके हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर कुछ यूजर्स ने तो इसका 2 मिनट का वीडियो भी वायरल कर दिया है, जिसे लेकर फैंस के बीच जबरदस्त बज बना हुआ है।