Sunita Ahuja on Trolling: 'लॉकअप 2' में गाली-गलौज पर ट्रोल करने वालों को गोविंदा की पत्नी सुनीता का मुंहतोड़ जवाब, कहा- 'कौन सी औरत...'
बॉलीवुड सुपरस्टार गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा इन दिनों अपने बेबाक और आक्रामक अंदाज को लेकर जबरदस्त सुर्खियों में हैं। हाल ही में नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो ‘लॉकअप 2’ में नजर आईं सुनीता ने अपने एटीट्यूड से जहां कई फैंस का दिल जीता, वहीं शो के दौरान की गई गाली-गलौज को लेकर वे सोशल मीडिया पर बुरी तरह ट्रोल भी हो गईं। अब शो से बाहर आने के बाद सुनीता ने इस ट्रोलिंग पर अपनी चुप्पी तोड़ी है और आलोचकों को ऐसा करारा जवाब दिया है जिसने ट्रोल्स की बोलती बंद कर दी है।
अपमान सहने वाली औरत नहीं हूं: सुनीता आहूजा
शो से बाहर आने के बाद अपनी भाषा पर हो रहे विवाद पर बात करते हुए सुनीता ने साफ किया कि वे किसी भी तरह के अपमान या उकसावे को चुपचाप बर्दाश्त करने वाली महिला नहीं हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि समाज हमेशा पीड़ितों से ही चुप रहने की उम्मीद क्यों करता है? सुनीता ने कहा कि खुद को प्राथमिकता देना और जरूरत पड़ने पर पलटवार करना हर महिला का अधिकार है।
'अगर कोई उंगली करेगा तो क्या चुप रहूंगी?'
ट्रोल्स को आड़े हाथों लेते हुए सुनीता आहूजा ने बेहद देसी अंदाज में कहा, “मुझे एक बात बताइए, अगर आपको कोई आकर गाली देगा तो आप क्या बोलेंगे कि 'भैया आपने एक दिया मुझे, आपको दो देता हूं, आप दो और दे दो?' मैं इतनी बेवकूफ नहीं हूं। अगर आपको कोई उंगली करेगा तो आप क्या बोलेंगे कि 'भैया और कर लो?' बिल्कुल नहीं! अगर सामने से मुझे गाली मिल रही है, तो मैं चुपचाप सुनूंगी नहीं, बल्कि बराबर जवाब दूंगी।”
महिलाओं को दी नसीहत: अपने हक के लिए जीना सीखें
सुनीता ने आगे कहा कि वे उन महिलाओं में से नहीं हैं जो सब कुछ सहकर घर पर बैठ जाएं। उन्होंने समाज की सोच पर सवाल उठाते हुए कहा, "मैं सभी औरतों को यही सलाह देती हूं कि भैया अपनी जिंदगी जियो और अपने लिए जियो, इसमें क्या गलत है? और आज के समय में कौन सी औरत गाली नहीं देती है, आप मुझे यह बताओ?" आपको बता दें कि सुनीता आहूजा ‘लॉकअप 2’ में काफी मजबूत खिलाड़ी मानी जा रही थीं, लेकिन सेहत खराब होने (हेल्थ इश्यूज) की वजह से उन्हें बीच में ही शो छोड़ना पड़ा था।