बॉक्स ऑफिस पर थलापति विजय की 'जन नायगन' से भिड़ी अजय देवगन की 'धमाल 4', जानिए 14वें दिन किसकी हुई जीत
बॉलीवुड के सिंघम यानी अजय देवगन की बहुचर्चित कॉमेडी फ्रेंचाइजी फिल्म 'धमाल 4' इन दिनों सिनेमाघरों में तहलका मचा रही है। बीते 10 जुलाई को रिलीज होने के बाद से ही इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपना ऐसा दबदबा बनाया कि अक्षय कुमार की 'वेलकम टू द जंगल' और स्पाई यूनिवर्स की फिल्म 'ऐल्फा' जैसी बड़ी फिल्मों को भी पछाड़ दिया। यहां तक कि क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म के आने से भी 'धमाल 4' के विजय रथ पर कोई ब्रेक नहीं लगा। लेकिन अब सिनेमाघरों में फिल्म का मुकाबला साउथ के सुपरस्टार थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जन नायगन' से हो चुका है। तो आइए जानते हैं कि थलापति विजय की इस नई चुनौती के सामने 14वें दिन बॉक्स ऑफिस पर 'धमाल 4' का प्रदर्शन कैसा रहा और क्या इसका सिंहासन हिल गया है?
'जन नायगन' की एंट्री से थमी 'धमाल 4' की रफ्तार, जानिए 14वें दिन का कलेक्शन
थलापति विजय की इस आखिरी फिल्म को मेकर्स ने पैन इंडिया लेवल पर रिलीज किया है, जहां हिंदी भाषी क्षेत्रों में इसे 'जन नेता' नाम से उतारा गया है। इस फिल्म के सिनेमाघरों में दस्तक देते ही 'धमाल 4' की ताबड़तोड़ कमाई की रफ्तार पर थोड़ा असर जरूर देखने को मिला है। बॉक्स ऑफिस ट्रैकर्स सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, अपनी रिलीज के 14वें दिन यानी गुरुवार को 'धमाल 4' ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर लगभग 2.46 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इसके साथ ही भारतीय बाजार में इस कॉमेडी फिल्म का कुल नेट कलेक्शन अब बढ़कर 136.96 करोड़ रुपये के आंकड़े पर पहुंच गया है। वहीं दूसरी तरफ, ऑनलाइन लीक होने की तमाम खबरों के बावजूद 'जन नायगन' ने हिंदी बेल्ट में पहले दिन 2 से 3 करोड़ रुपये की ठोस ओपनिंग हासिल की है।
गुरुवार को मिले इतने शोज और तेजी से 200 करोड़ की ओर बढ़ती फिल्म
निर्देशक इंदर कुमार के निर्देशन में बनी फिल्म 'धमाल 4' को रिलीज के दो हफ्ते बाद भी सिनेमाघरों में अच्छा-खासा स्पेस मिल रहा है। गुरुवार को देशभर के थिएटर्स में इस फिल्म को कुल 11,483 शोज मिले, जो यह बताने के लिए काफी हैं कि दर्शकों के बीच इसकी डिमांड अभी भी बनी हुई है। हालांकि घरेलु बॉक्स ऑफिस पर थलापति विजय की फिल्म के आने से 'धमाल 4' की दैनिक कमाई में थोड़ी गिरावट जरूर आई है, लेकिन वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म अब भी गदर काट रही है। फिल्म ने दुनिया भर में कुल 182.62 करोड़ रुपये की शानदार कमाई कर ली है और अब यह तेजी से प्रतिष्ठित 200 करोड़ रुपये के क्लब की तरफ अपने कदम बढ़ा रही है। अगर इसके ओवरसीज कलेक्शन की बात करें, तो विदेशी बाजारों से इस मूवी ने अब तक लगभग 22.60 करोड़ रुपये का बिजनेस कर लिया है।