इलेक्टोरल बॉन्ड सबसे बड़ा घोटाला, चौंकाने वाले परिणाम आएंगे : पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत

जैसलमेर, 17 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड सबसे बड़ा घोटाला है। इस बार लोकसभा चुनाव-2024 में चौंकाने वाले परिणाम आएंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत बुधवार को जैसलमेर में कांग्रेस प्रत्याशी उम्मेदाराम के समर्थन में चुनावी सभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण के पति खुद कह रहे हैं कि इलेक्टोरल बॉन्ड का घोटाला इस दुनिया का सबसे बड़ा घोटाला है। स्थित बहुत बुरी है। गहलोत ने कहा कि भाजपा वॉशिंग मशीन हो गई, जो कांग्रेसियों को भ्रष्टाचारी बता कर पहले ईडी सीबीआई का डर बताती है और जब भाजपा में ले जाती है तब साफ हो जाते हैं। ऐसा लगता है कि ये 400 का नारा इसीलिए दे रहे हैं कि आगे चुनाव भी नहीं होंगे। मगर ये तो मान के बैठे हैं कि हम ही जीतेंगे। चुनावों में दो- दो मुख्यमंत्री जेल में है। हमारे खाते ही बंद कर दिए तो हम चुनाव कैसे लड़ेंगे। पूरी दुनिया पूरी बोल रही है कि ये गलत हो रहा है। कांग्रेस ऐसे माहौल में अपने कार्यकर्ताओं के जोश के साथ चुनाव लड़ रही है।

गहलोत ने यह भी कहा कि इस बार चौंकाने वाले परिणाम आएंगे। जनता सब तय करती है और पूरा साफ कर देती है। बहुत समझदार है। मोदी जी घमंड में है, पता ही नहीं चलेगा कब सरकार चली गई। लोकतंत्र में धर्म कि राजनीति नहीं चलती है। लोकतंत्र संविधान से चलता है। देश में हालात में बहुत गंभीर है। 400 का नारा ऐसे दे रहे हैं, जैसे इन्होंने जिंदगी भर का ठेका ले लिया है। हालांकि ये नहीं जानते कि माई बाप जनता है।

गहलोत ने यह भी कहा कि तीन महीने में ही सरकार की राजस्थान में हालत खराब है। अब लोग हमको याद करते हैं हमारे कामों को याद करते हैं। कन्हैया लाल हत्याकांड में इन्होंने झूठ बोला। जबकि हमने 50 लाख की सहायता और नौकरी दी। मगर झूठ बोला कि 5 लाख ही दिए। ऐसे में चुनावों में माहौल को खराब किया। हमने जनता को सब कुछ दिया मगर जनता ने हमकों नकार दिया। जनता ने ठान लिया था। बोले- जनता ने मानस बना लिया है और इस बार चौंकाने वाले परिणाम आएंगे। रविंद्र सिंह भाटी को कितना चैलेंज मानते है के सवाल पर गहलोत बिना कुछ बोले रवाना हो गए। बाड़मेर रोड़ पर आयोजित हुई सभा में हरीश चौधरी, सालेह मोहम्मद, रूपा राम धनदेव व कांग्रेस के लोकसभा उम्मीदवार उम्मेदाराम बेनीवाल मौजूद रहे।

गौरतलब है कि बाड़मेर जैसलमेर लोकसभा चुनाव 26 अप्रैल को होने है। जैसलमेर में आज चुनावी सभा के लिए अशोक गहलोत विशेष विमान से 10.30 बजे जैसलमेर पहुंचे। बाड़मेर रोड पर आयोजित हुई सभा में 13 मिनट का भाषण देकर वे आगे सभा में देरी होने का कारण बताकर विशेष विमान से जयपुर लौट गए।