चुनाव आयोग सभी राजनीतिक पार्टियों को दे समान अधिकार : सुप्रियो भट्टाचार्य

रांची, 16 मार्च (हि. स.)। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि 24 साल के हम लोग भी हो गये हैं, अब समझने लगे हैं, चुनाव आयोग की चालाकी। हम लोग किसी भी सूरत में छोड़ने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को गंभीरता से देखा और सुना है। धनराशि जो पकड़ में आती है, उसकी स्थिति क्या है, उन पर कौन सी कार्रवाई होती है। सब जानते हैं। भट्टाचार्य ने कहा कि इसमें भी सबसे बड़ा हिस्सा भाजपा का होता है। भट्टाचार्य शनिवार को पार्टी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि एक आईपीएस अधिकारी ने प्रधानमंत्री का हैलीकॉप्टर चेक कर लिया तो उसे बर्खास्त ही कर दिया गया था। ऐसी परिस्थिति में भी हम चुनाव आयोग पर यकीन करते हैं।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग आज के बाद से हर राजनीतिक दलों पर नजर रखे। ऐसा नहीं हो की बटन यहां दबे आवाज कही और से आए।

उन्होंने कहा कि झामुमो हेमंत सोरेन के साथ है, उनसे अलग नहीं हैं। भाजपा 14 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि लड़ना अलग बात है, सपने देखना अच्छी बात है। जीवन का यह भी एक अहम हिस्सा है। पीएम की तरह अब भाजपा भी सपने देखने की आदि हो जाएगी।

उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं के अनुसार लोकसभा चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन चुनावी मैदान में चुनाव लडेंगे। लेकिन अभी कहा से यह तय नहीं है, यह स्वयं हेमंत ही तय करेंगे की उन्हें कहा से चुनाव लड़ना है। दुमका, जामताड़ा, गांडेय, देवघर, खूंटी, सिमडेगा, लोहरदगा हर जगह की जनता उन्हें ही चुनावी मैदान में उतरने को प्रेरित कर रही है।

उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि झामुमो अपने उम्मीदवारों की घोषणा कांग्रेस पार्टी की घोषणा के बाद करेगी। पहले कांग्रेस की ओर से दिल्ली में उम्मीदवारों की घोषणा होगी। उसके बाद यहां झामुमो की ओर से उसके तुरंत बाद और दूसरे दिन झामुमो अपने उम्मीदवारों की घोषणा करेंगे।