धमतरी : इको टूरिज्म को बढ़ावा देने गंगरेल में इको टूरिज्म गिफ्ट शाप की हुई शुरुआत

धमतरी, 25 मई (हि.स.)। जिले का पर्यटन स्थल रविशंकर सागर जलाशय पर बने गंगरेल बांध को स्वच्छ, सुंदर और पर्यटकों के लिए आकर्षक बनाने के साथ ही जिले में जल संरक्षण के लिए कलेक्टर नम्रता गांधी द्वारा प्रयास किया जा रहा है। इसके तहत बीते दिनों गंगरेल बांध और उसके आस पास अधिकारियों, स्थानीय लोगों द्वारा सफाई की गई। वहीं कलेक्टर की पहल पर जिले में जल संरक्षण के लिए जल जगार उत्सव भी लगातार गांवों में मनाया जा रहा है।

इन्हीं सब कार्यक्रमों की कड़ी में कलेक्टर के कार्यों से प्रेरित होकर इको टूरिज्म को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम गंगरेल की सहेली स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा गंगरेल इको टूरिज्म गिफ्ट शाप संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर गांधी सहित जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, एसडीएम धमतरी डाॅ. विभोर अग्रवाल ने गंगरेल पहुंच गिफ्ट शॉप में टी शर्ट सहित विभिन्न सामग्रियों की खरीददारी कर इसकी शुरुआत की। उन्होंने कहा कि इस शॉप में सभी कपड़े और अन्य इको फ्रेंडली वस्तुएं हैं, जिससे पर्यटन स्थल में प्रदूषण से बचा जा सकता है। इसके अलावा यहां आने वाले पर्यटकों के जरिए दूर दराज तक जिले के इको टूरिज्म की जानकारी पहुंच सकेगी। साथ ही यहां कुछ सामग्री ऐसी भी हैं जो समूह द्वारा निर्मित किया जा रहा है, इससे महिलाओं को कमाई का जरिया और बाजार मिल गया। दरअसल इस इको टूरिज्म गिफ्ट शॉप में टी शर्ट, टोपी, की रिंग सहित विभिन्न सामग्रियों में जिले के इको टूरिज्म स्थल को दर्शाया गया है। कलेक्टर ने समूह की प्रशंसा करते हुए कहा कि पर्यटन स्थल के प्रचार सहित पर्यावरण संरक्षण में उनके द्वारा किए गए प्रयास काफी सराहनीय है।