दुष्यंत कुमार गौतम ने किया दावा, बद्रीनाथ और मंगलोर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी की होगी जीत

रुद्रप्रयाग, 04 जुलाई (हि.स.)। भाजपा प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम गुरुवार को रुद्रप्रयाग पहुंचे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से भेंटकर पत्रकारों से बातचीत की। बाद में भाजपा जिला कार्यालय का निरीक्षण कर एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम के तहत फलदार वृक्षों का रोपण किया।

प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय महामंत्री ने बद्रीनाथ उपचुनाव को लेकर कहा कि यह चुनाव बद्रीनाथ की जनता के लिए है। जनता का मन बद्रीनाथ के विकास के लिए है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता भाजपा का प्रत्याशी ही चुनेगी। साथ ही मंगलोर में भी भाजपा ही विजयी होगी।

उन्होंने कहा कि केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्य व बद्रीनाथ धाम को मास्टर प्लान के तहत विकसित किया जा रहा है। आयुष्मान कार्ड, हर घर नल हर घर जल जैसी महत्वाकांक्षी योजना का लाभ जनता को मिल रहा है। देश में बेघरों को घर दिए जा रहे हैं। अभी तक चार करोड़ घर दिए जा चुके हैं। साथ ही तीन करोड़ लोगों को और घर दिए जाने हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं के सम्मान में उन्हें आरक्षण देने का कार्य किया है। इसके साथ ही उत्तराखंड के विकास के लिए ऑल वेदर रोड और रेलवे जैसे विकास कार्य मील का पत्थर साबित होंगे।