दुबई की राजकुमारी ने इंस्टाग्राम पर लिखकर पति को दिया तीन तलाक, जानिए वजह

Dubai Princess.jpg

दुबई के शासक मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम की बेटी शेखा माहरा बिंत ने अपने पति शेख माना को तीन तलाक दे दिया है। माहरा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अंग्रेजी में पोस्ट करते हुए लिखा कि आप दूसरे लोगों के साथ व्यस्त हैं। मैं अपने तलाक की घोषणा करती हूं। अपना ख्याल रखें, आपकी पूर्व पत्नी।

माहरा ने अपने पति शेख माना को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो भी कर दिया है। इसके अलावा माहरा ने पति के साथ पोस्ट की गई सभी तस्वीरें भी हटा दी हैं।

दो महीने पहले ही हुआ था बेटी का जन्म

पिछले साल शादी के पांच महीने बाद उन्होंने अपनी प्रेग्नेंसी की जानकारी सोशल मीडिया पर शेयर की थी। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपने अल्ट्रासाउंड स्कैन की तस्वीर शेयर की थी और लिखा था कि हम तीनों ही हैं।

उन्होंने इसी साल मई में अपनी बेटी को जन्म दिया था। माहरा ने इंस्टाग्राम पर बेटी के जन्म के समय की एक फोटो भी अपलोड की थी। इस फोटो में उनके साथ उनके पति नजर आ रहे थे। उन्होंने अपनी बेटी का नाम हिंद रखा है। माहरा ने पोस्ट में बेटी के जन्म को सबसे यादगार अनुभव बताया। उन्होंने अस्पताल के डॉक्टर्स और स्टाफ का भी शुक्रिया अदा किया।

शेखा माहरा की पिछले साल हुई थी शादी

शेखा माहरा का जन्म 1994 में हुआ था। 30 वर्षीय शेखा माहरा ने पिछले साल मई में अपने से 4 साल छोटे शेख माना से शादी की थी। शेख माना एक उद्यमी हैं, जिनके कई उद्यम हैं। इनमें अलबरदा ट्रेडिंग, दुबई टेक, जीसीआई रियल एस्टेट डेवलपमेंट कंपनी और एमएम ग्रुप ऑफ कंपनीज शामिल हैं। इसके अलावा, वह एक ट्रैवलर भी हैं।

शेखा महारा की पोस्ट पर लोगों की प्रतिक्रियाएं

महारा से जुड़े कुछ लोगों ने दावा किया है कि शेखा महारा ने तलाक नहीं लिया है। उनका अकाउंट हैक हो गया है। वहीं, कई यूजर्स ने इस पोस्ट पर महारा का समर्थन भी किया है। एक यूजर ने लिखा है- राजकुमारी शेखा महारा के साहस और बहादुरी को सलाम। यह जीवन का एक दौर है। इसमें अच्छाई भी होगी और कड़वाहट भी। जिंदगी किसी के लिए नहीं रुकती।