डाॅ. हेडगेवार ने वैभवशाली भारत का सपना देखा था : मनोज

लखनऊ, 09 अप्रैल (हि.स.)। गोमती नगर के पंचवटी पार्क में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से वर्ष प्रतिपदा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बोलते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह क्षेत्र संपर्क प्रमुख मनोज ने कहा कि भारत स्वावलंबी आत्मनिर्भर और शक्तिशाली बन रहा है। ऐसे ही परम वैभवशाली भारत की प्रतिष्ठा का स्वप्न डॉ. हेडगेवार ने देखा था। इसको साकार करने के लिए ही उन्होंने संघ की स्थापना की थी। आज के ही दिन डॉ. हेडगेवार का जन्म हुआ था। आज यह सपना साकार हो रहा है। लेकिन आज भी सनातन विरोधी तत्व हैं। इनसे सावधान रहने की आवश्यकता है

उन्होंने कहा कि भारत की काल गणना पूरी तरह विज्ञान पर आधारित है। इसमें एक अरब से अधिक समय बीतने के बाद एक पल का भी अंतर नहीं हुआ है। इतना ही नहीं प्रलय के बाद भी इसकी प्रासंगिता यथावत रहेगी। इस नव वर्ष पर भी प्रकृति भी नव रूप धारण करती है। यह आध्यात्मिक ऊर्जा के जागरण का भी अवसर होता है। नवरात्र का शुभारंभ होता है। आतंक और अन्याय पर न्याय की विजय का सन्देश मिलता है।

मनोज ने कहा कि भारतीय जनमानस ने अपने को कभी गुलाम नहीं माना। यही कारण है कि हमारे तीर्थ स्थलों के विध्वंस के बाद एक दिन भी सनातन उपासना रुकी नहीं। आज भारत राष्ट्रीय पुनर्जागरण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। भव्य श्री राम मंदिर, श्री काशी विश्वनाथ धाम, उज्जैन महाकाल की भव्यता इसके प्रमाण हैं।

सह क्षेत्र संपर्क प्रमुख ने कहा कि इसके दृष्टिगत समाज को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। राष्ट्र जागरण की इस यात्रा को आगे बढ़ाने में अपना पूरा सहयोग देना होगा। समाज की एकता से ही सनातन विरोधियों के मंसूबों को निष्प्रभावी किया जा सकता है।