मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदाता बढ़-चढ़कर हिस्सा लें : डा. आनंद कुमार सिंह

कानपुर, 10 मई (हि.स.)। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र को हिस्सा बनकर मतदाताओं को अपनी निर्णायक भूमिका निभानी चाहिए। यह बात शुक्रवार को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के कुलपति डॉक्टर आनंद कुमार सिंह ने मतदाताओं से मतदान करने की अपील करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में मतदान के दिन मजबूत लोकतंत्र हेतु बढ़-चढ़कर भागीदारी करें। क्योंकि मतदान महादान है अच्छे प्रत्याशी और अच्छी सरकार को चुनकर सदन तक भेजना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का हिस्सा बनकर इसको स्थापित रखने में सबको अपनी निर्णायक भूमिका निभानी चाहिए।

डा. सिंह ने छात्र, छात्राओं, युवाओं एवं मतदाताओं से अपील की है कि संविधान ने जो मतदान करने का उन्हें अधिकार दिया है। उसका बखूबी तरीके से प्रयोग करना चाहिए जो कि लोकतंत्र के लिए जरूरी है और सभी मतदाताओं को बड़ी ही जिम्मेदारी के साथ वोट डालना चाहिए।

कुलपति ने कहा है कि किसी भी वयस्क व्यक्ति के जीवन का सबसे बड़ा अधिकार मतदान होता है। इसके जरिए केवल प्रदेश व देश की सरकारें ही नहीं चुनी जाती हैं बल्कि सही मायने में मतदाता राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभाते हैं। क्योंकि मतदाताओं द्वारा बेहतर व नेक नियत से चुने गए जनप्रतिनिधि ही सुशासन लाते हैं। और जहां सुशासन होता है वहां हर व्यक्ति उन्नति की राह पर बढ़ता है। राष्ट्र निर्माण में हर व्यक्ति की भूमिका बढ़ती है हर वोट अहम होता है। इसलिए वोट करने हेतु सभी मतदाता घर से मतदान हेतु जरूर निकलें।