डोनाल्ड ट्रंप का ऐक्शन शुरू: अमेरिका में पकड़े गए 500 से ज्यादा घुसपैठिये

Donald Trump 1737707205912 17377

अमेरिका में अवैध प्रवासियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के तहत 500 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने के बाद इस मुद्दे पर कार्रवाई तेज हो गई है। वाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलीन लिविट ने बताया कि गिरफ्तार किए गए 538 लोगों में से सैकड़ों को अमेरिका से बाहर भेजा जा चुका है। इन प्रवासियों को एक मिलिट्री एयरक्राफ्ट के जरिए देश से बाहर निकाला गया।

डोनाल्ड ट्रंप ने अवैध प्रवासियों को देश से बाहर करने के लिए एक नए आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं। इस कानून में कहा गया है कि पिछले चार सालों में अमेरिका में अवैध प्रवासियों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है, जिसे नियंत्रित करने की जरूरत है। आदेश में कहा गया है, “लाखों प्रवासी अवैध रूप से अमेरिका की सीमाओं में प्रवेश कर चुके हैं। इनमें से कई लोग सीधे फ्लाइट्स या कमर्शियल उड़ानों के जरिए पहुंचे हैं और अब देश के अलग-अलग हिस्सों में बसे हुए हैं। यह स्थिति अमेरिकी कानूनों का गंभीर उल्लंघन है।”

आदेश में इन प्रवासियों को राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा बताते हुए कहा गया है, “अवैध प्रवासी निर्दोष अमेरिकियों के लिए खतरा बन रहे हैं और उनके अपराधों के कारण निर्दोष लोग शिकार हो रहे हैं।” इसके साथ ही, हाल ही में अमेरिकी कांग्रेस ने 23 जनवरी को लेकन रिले ऐक्ट को मंजूरी दी है। यह कानून यह सुनिश्चित करता है कि गलत दस्तावेजों के आधार पर अमेरिका में रह रहे अवैध प्रवासियों को देश से बाहर निकाला जाए।

डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा है कि अवैध प्रवासियों के खिलाफ यह अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन है। वाइट हाउस के अनुसार, पिछले तीन दिनों में ही सैकड़ों अवैध प्रवासियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रेस सेक्रेटरी कैरोलीन लिविट ने इसे अमेरिका के इतिहास का सबसे व्यापक ऑपरेशन बताया। उन्होंने कहा, “हमने जो वादा किया था, उसे अब पूरा किया जा रहा है।”

वाइट हाउस ने इस कार्रवाई से संबंधित जानकारी ट्वीट के जरिए भी साझा की है, जिसमें ऑपरेशन की पूरी डिटेल दी गई है।