23 सितंबर से आयुष्मान भारत कार्ड बनाना प्रारंभ करें-डीएम

Fd5737d176928e75689bc79d411ba49a

पूर्णिया, 21 सितंबर (हि.स.)। पूर्णिया के जिला पदाधिकारी ने आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत कार्ड बनाने के विशेष अभियान की समीक्षा बैठक की। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, डीपीएम राज्य स्वास्थ्य समिति और डीपीसी आयुष्मान भारत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि 23 से 25 सितंबर 2024 तक सभी जन वितरण प्रणाली दुकानों पर सुबह 8 बजे से आयुष्मान भारत कार्ड बनाने का काम शुरू किया जाए। उन्होंने वीएलई की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया।पंचायती राज प्रतिनिधियों, जीविका दीदियों और आशा कार्यकर्ताओं को पात्र लाभार्थियों को कार्ड बनवाने के लिए प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के वाहनों का उपयोग योजना के प्रचार-प्रसार के लिए करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राशन कार्ड में दर्ज सभी सदस्यों का आयुष्मान कार्ड बनेगा, न कि केवल परिवार के मुखिया का। उन्होंने बताया कि आयुष्मान कार्डधारक प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क इलाज संबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में करवा सकते हैं। सरकार का लक्ष्य सभी छूटे हुए पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना से आच्छादित करना है। इसलिए इस विशेष अभियान के दौरान अधिक से अधिक लोगों का कार्ड बनाने पर जोर दिया गया।