बनासकाठा में छिड़ सकती है दो महिलाओं के बीच सीधी जंग

पालनपुर, 8 मार्च (हि.स.)। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच सीटों के तालमेल के बाद कांग्रेस नेता भी उत्साह में आ गए हैं। पिछले दो लोकसभा चुनाव में 26 की 26 सीटों पर भाजपा परचम लहरा रही है, ऐसे में कांग्रेस के लिए उम्मीदवार ढूंढना मुश्किल हो गया था। वाव विधानसभा सीट से कांग्रेस की तेजतर्रार विधायक ने बनासकांठा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा प्रकट की है। भाजपा ने इस सीट के लिए एक पढ़ी-लिखी महिला डॉ रेखाबेन चौधरी को उम्मीदवार बनाया है।

ओबीसी समाज से आने वाली गेनीबेन ठाकोर अपने क्षेत्र में जमीनी मुद्दों को लेकर हमेशा मुखर रहीं है। गेनी बेन ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी कहेगी तो वे शत-प्रतिशत चुनाव लड़ेंगी। इधर, भाजपा उम्मीदवार रेखाबेन चौधरी ने जनसम्पर्क अभियान चला कर चुनाव प्रचार तेज कर दिया है।

शुक्रवार को महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में बनासकांठा जिले की वाव विधानसभा सीट की कांग्रेस विधायक गेनीबेन ठाकोर शिवमंदिर आई थी। महादेव के दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि देवाधिदेव महादेव का आशीर्वाद सभी लोगों पर रहे। विधानसभा चुनाव में मतगणना के समय वे यहीं दर्शन करने बाद गई थीं। पार्टी यदि कहे कि आप चुनाव लड़िए तो महादेव और जनता के आशीर्वाद से शत-प्रतिशत चुनाव लड़ेंगी। पोरबंदर के कांग्रेस नेता अर्जुन मोढवाडिया के पार्टी छोड़ने को उन्होंने गलत बताया था।