धमतरी : सहायक नहर खराब, 200 एकड़ खेतों तक नहीं पहुंचता सिंचाई पानी

धमतरी, 11 मार्च (हि.स.)। महानदी मुख्य नहर के वितरक सहायक नहर सालों से जर्जर है। दो गांवों के किसानों के खेतों तक सिंचाई पानी नहीं पहुंचता। पीड़ित किसान कई बार अधिकारियों को जानकारी देकर मरम्मत कराने गुहार लगा चुके हैं, लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है। प्रभावित किसानों के दो सौ एकड़ खेतों में सिंचाई नहीं हो पा रहा है, इससे किसानों में आक्रोश है।

11 मार्च को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे ग्राम चटौद के सरपंच व किसान लीला साहू, संतराम साहू, ईश्वर लाल, हेमंत कुमार, सांवतराम साहू, खूबराम जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर नम्रता गांधी को ज्ञापन सौंपे। किसानों ने बताया कि महानदी मुख्य नहर वितरक शाखा क्रमांक 13 ए ग्राम चटौद की दरबा शाखा जर्जर हो चुका है। इस माइनर से करीब 200 एकड़ धान फसल की सिंचाई होती है, लेकिन नहर खराब होने की वजह से खेतों तक पानी नहीं पहुंच पाता।

नहर जर्जर होने के साथ उसमें मुरूम भर चुका है, इससे सिंचाई पानी नहीं चढ़ पाता। किसानों ने बताया कि जब तक नहर मरम्मत नहीं किया जाएगा, तब तक खेतों तक सिंचाई पानी पहुंचना मुश्किल है। इस नहर से दरबा और चटौद के किसानों के करीब 200 एकड़ धान फसल की खरीफ व रबी सीजन में सिंचाई होती है। प्रभावित किसानों ने कई बार जल संसाधन विभाग से मरम्मत की मांग कर चुके हैं, लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है, ऐसे में किसानों ने कलेक्टर नम्रता गांधी से गुहार लगाकर नहर मरम्मत की मांग की है, ताकि किसानों के खेतों में आसानी से सिंचाई पानी पहुंच सके।