डीजीपी ने रांची शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर की बैठक, दिये कई निर्देश

रांची, 16 मई (हि. स.)। डीजीपी अजय कुमार सिंह ने गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में रांची शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर एक समीक्षा बैठक की। इस दौरान डीजीपी ने कई दिशा-निर्देश दिये। इस बैठक के दौरान रांची शहर की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए पुलिस कर्मियों की उपलब्धता और आवश्यकता पर जोर देते हुए कोलकता महानगर के तर्ज पर रांची में ट्रैफिक जिला बनाने के प्रस्ताव पर लिये गये निर्णय की समीक्षा की गयी।

साथ ही कुछेक अन्य शहरों जहां कि यातायात व्यवस्था अनुकरणीय है वैसे शहरों में यातायात व्यवस्था के अध्ययन के लिए टीम भेजने का निर्णय लिया गया। यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए गृह रक्षा वाहिनी से सहयोग लेने के लिए डजीपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही अन्य शहरों में यातायात व्यवस्था के अध्ययन के लिए एक त्रिस्तरीय कमिटी का गठन करने और लोकसभा चुनाव के बाद कमिटी को भेजने को कहा। बैठक के दौरान एडीजी डा० संजय आनन्द राव लाटकर, आईजी मनोज कौशिक, अखिलेश कुमार झा, पंकज कम्बोज, डीआईजी धनंजय कुमार सिंह, एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा, पुलिस अधीक्षक यातायात कैलाश करमाली उपस्थित थे।