देवास: भाजपा सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी के घर चोरी, चोरों ने सुने आवास को बनाया निशाना, पुलिस मौके पर पहुंची

देवास, 25 मई (हि.स.)। देवास में चोरों के हौसले इन दिनों बुलंद हैं। पुलिस को लगातार चुनौती देते हुए चोर शहर के पॉश इलाकों में लगातार चोरियों की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इस बार चोरों ने देवास-शाजापुर सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी के सूने मकान में धावा बोल दिया। सूचना मिलते ही सीएसपी सहित पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार की रात चोरों ने भाजपा सांसद महेंद्र सोलंकी के तिलक नगर देवास स्थित निवास पर घुसकर हाथ साफ कर दिया। सांसद के घर में कोई नही था। सांसद सोलंकी चुनाव प्रचार हेतु उड़ीसा गए हैं। परिवार के सदस्य बाहर गए हुए थे। सूना मकान देख चोर ताला तोड़कर अंदर घुसे और वारदात को अंजाम दिया। सिविल लाइन थाना पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। बदमाश घर से कितना माल लेकर फरार हुए हैं इसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। फिलहाल परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है। तभी पता चलेगा कि किन सामानों की चोरी हुए हैं और कितना नुकसान हुआ है। पुलिस घर के अंदर फिंगर प्रिंट और डॉग स्क्वायड की सहायता से लगातार जांच में लगी हुई है। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है। मौके पर नगर पुलिस अधीक्षक सहित देवास पुलिस के कई अधिकारी मौजूद हैं।