हिसार: रेलवे स्टेशन पर मिली बेसहारा मंदबुद्धि महिला को मिला आसरा

हिसार, 30 अप्रैल (हि.स.)। हमारा प्रयास मंदबुद्धि महिला आश्रम अर्बन एस्टेट-2 की टीम ने एक और बेसहारा महिला को आसरा दिया है। सोमवार देर रात टीम की मुख्य सदस्या सुनीता तंवर को रेलवे पुलिस ने सूचना दी कि एक मंदबुद्धि महिला रेलवे स्टेशन पर मिली है। उसके हाथ पर प्रियंका एवं बिन्द्रा खुदा हुआ है और वह अपना पता बताने में असमर्थ है।

इसके बाद सुनीता तंवर की अगुवाई में मंगलवार को समाजसेवी अनिल बागड़ी, पवन सबरवाल व दो अन्य सहयोगियों के साथ हमारा प्रयास मंदबुद्धि महिला आश्रम अर्बन एस्टेट-2 की टीम रेलवे स्टेशन पहुंची। यह महिला अपना नाम व पता बताने में असमर्थ थी। महिला को चोट भी लगी हुई थी। इसके बाद इसकी चिकित्सा जांच के बाद रात 12 बजे इसे आश्रम लाया गया। अब जब तक इस महिला के परिजन इसे ले नहीं जाते, तब तक यह महिला इसी आश्रम में रहेगी।

यह जानकारी देते हुए हमारा प्रयास मंदबुद्धि महिला आश्रम अर्बन इस्टेट-2 वरिष्ठ सदस्या सुनीता तंवर ने बताया कि इससे पहले भी टीम के सदस्य घुड़साल, नारनौंद, टोहाना व बाडे पट्टी टोल के पास से रात्रि के समय ही बेसहारा मंदबुद्धि महिलाओं को लेकर आए थे। उन्होंने कहा कि यदि किसी को इस प्रकार उत्पीड़ित, शोषित एवं मंदबुद्धि महिलाएं मिलती हैं तो वो उनकी संस्था के किसी भी पदाधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।