यात्रियों की बढ़ती भीड़ के बावजूद चुनौतियों को दूर करने में जुटा प्रशासन

रुद्रप्रयाग, 20 मई (हि.स.)। केदारनाथ यात्रा में प्रशासन के सामने अनेक चुनौतियां खड़ी हो रही हैं। सबसे बड़ी चुनौती यात्रियों की बढ़ती संख्या को कंट्रोल करना और फिर उन्हें सुगमता से दर्शन कराना है। हालांकि अभी तक चली यात्रा में प्रशासन ने हर चुनौती को सही तरीके से पार किया है।

यात्रियों के उमड़ रहे सैलाब के बावजूद भी व्यवस्थाएं कंट्रोल में हैं। जो कुछ कमियां सामने आ रही हैं, प्रशासन लगातार उन कमियों को दूर करने में लगा हुआ है। कपाट खुलने के बाद रविवार को सबसे अधिक 34,893 तीर्थ यात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किये हैं, जबकि अभी तक तीन लाख से अधिक तीर्थ यात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन कर दिये हैं।

केदारनाथ में बढ़ती यात्रियों की संख्या के बीच प्रशासन ने इंतजाम भी बढ़ा दिये हैं। सबसे बड़ी उपलब्धि इस बार प्रशासन को स्वास्थ्य के क्षेत्र में मिली है। पैदल मार्ग सहित धाम में यात्रियों को शीघ्र ही प्राथमिक उपचार और ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। प्रशासन ने इस बार केदारनाथ धाम में आस्था पथ पर भी चिकित्सा सुविधाएं बढ़ाई हैं। यदि कोई यात्री लाइन में लगते हुये बीमार हो रहा है तो उसे भी शीघ्र उपचार दिया जा रहा है। बीस हजार से अधिक यात्रियों का अभी तक उपचार किया गया है, जबकि आठ सौ से अधिक यात्रियों को ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

जिलाधिकारी डॉ. सौरभ गहरवार हर समय यात्रा की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। बाकायदा, डीएम केदारनाथ पैदल यात्रा रूट हाईवे और धाम का निरीक्षण कर रहे हैं और यात्रा डयूटी में तैनात अधिकारी-कर्मचारी और जवानों से चर्चा करते हुये यात्रियों को बेहतर से बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश दे रहे हैं। सोनप्रयाग में जब अत्यधिक संख्या में यात्री पहुंच रहे हैं तो सीमित संख्या में यात्रियों को आगे की ओर भेजा जा रहा है। जिससे यात्रियों को आसानी से शटल सेवा और केदारनाथ धाम जाने के लिये घोड़े-खच्चर, डंडी-कंडी की सुविधा मिल सके। केदारनाथ धाम पहुंच रहे यात्रियों को भी इस बार दर्शन के लिये लाइन में लगने के दौरान बारिश में नहीं भीगना पड़ रहा है। आस्था पथ पर रेन शेल्टर बनाये गये हैं।

सभी के प्रयासों से चुनौतियां हो रही पार: गहरवार

जिलाधिकारी ने कहा कि इतनी बड़ी यात्रा में चुनौतियां तो मिलेंगी ही, लेकिन सभी के प्रयासों से चुनौतियों को पार किया जा रहा है। प्रशासन का मुख्य उददेश्य है कि यात्री समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सके और उन्हें सुगमता से बाबा केदार के दर्शन हो सकें। उन्होंने कहा कि पैदल मार्ग पर जगह-जगह यात्रियों की सुविधा के लिये सेक्टर मजिस्ट्रेट और सुरक्षा जवान तैनात किये गये हैं। धाम सहित पैदल यात्रा मार्ग पर यात्रियों से फीडबैक और सुझाव भी मांगे जा रहे हैं, जिससे जो कुछ कमियां रह गई हों, उनको दूर किया जा सके। उन्होंने कहा कि धाम, पैदल मार्ग और यात्रा पड़ावों पर रहने, खाने, पानी, शौचालय की पर्याप्त व्यवस्थाएं हैं। जो भी भक्त यहां पहुंच रहे हैं वह मौसम को भी ध्यान में रखकर यात्रा करें। साथ ही अपने साथ गर्म कपड़े, आवश्यक दवाईयां, रेनकोट, छाता इत्यादि साथ लेकर चलें।

केदारनाथ धाम में सुविधाएं मिलने पर प्रशासन का जताया आभार-

केदारनाथ धाम की यात्रा पर श्रद्धालु बड़ी संख्या में लगातार पहुंच रहे हैं। साथ ही यहां मिल रही सुविधाओं की सराहना भी कर रहे हैं। जोधपुर राजस्थान से अपने साथियों के साथ केदारनाथ की यात्रा पर पहुंचे दिलीप देवड़ा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें यहां आकर बहुत अच्छा लगा। उन्होंने बताया कि यहां आकर वास्तव में स्वर्ग जैसी आनंद की अनुभूति हो रही है। हरियाणा कुरुक्षेत्र से मंजीत ने बताया कि यहां थोड़ी बहुत असुविधाओं को छोड़कर अन्य सभी व्यवस्थाएं काफी अच्छी हैं। हरियाणा से यात्रा पर पहुंचे रूपेश ने भी धाम में उपलब्ध सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि यहां पर खाने व रहने सहित अन्य आवश्यक सभी सुविधाएं बहुत बेहतर ढंग से मिली हैं। साथ ही बहुत अच्छे से बाबा केदारनाथ के दर्शन हुए हैं। बुंदेलखंड, उत्तर प्रदेश के अमरीश गुप्ता ने बताया कि उन्हें सुगम और काफी अच्छे तरीके से केदारनाथ के दर्शन हुए हैं। उन्होंने यहां पर मिल रही सुविधाओं की भी प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि शासन का पचास मीटर की दूरी तक रील ना बनाये जाने का निर्णय स्वागत योग्य है। प्रशासन का सहयोग यात्रा मार्ग पर मिल रहा है।