सभी बच्चे अच्छे से पढ़ाई कर माता-पिता के साथ प्रदेश और देश का नाम रोशन करें: उप मुख्यमंत्री

मंदसौर, 18 जून (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मंगलवार को मल्हारगढ़ सीएम राइज स्कूल में स्कूल के प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। स्कूल चलें हम अभियान के तहत यह कार्यक्रम प्रदेश के साथ-साथ सभी जिलों तथा जिलों के प्रत्येक विद्यालय में आयोजित किया गया। उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने स्कूल में प्रवेश पाने वाले नवीन बच्चों का तिलक लगाकर, पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया तथा उन्हें मंच से ही पुस्तके भी भेंट की। प्रवेश उत्सव कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष सहित अन्य सभी जनप्रतिनिधि, कलेक्टर दिलीप कुमार यादव, मल्हारगढ़ एसडीएम, स्कूल प्राचार्य, जिला अधिकारी, कर्मचारी, स्कूल के बच्चे, आम नागरिक, पत्रकार मौजूद थे।

प्रवेश उत्सव कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने स्कूल में बच्चों को पढ़ाया। उन्होंने बच्चों को बताया कि किस तरह से पढ़ाई की जाती है, कैसे अध्ययन करना चाहिए। किस तरह शिक्षक की बात मानना चाहिए। किस तरह से शिक्षा हमें अच्छे भविष्य की ओर ले जाती हैं। एक शिक्षा ही एक ऐसा माध्यम है जो हमारे आने वाले भविष्य के द्वार खोलती हैं। प्रवेश उत्सव कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा कहा गया कि बच्चे ही देश का भविष्य होते हैं। आज प्रवेश उत्सव कार्यक्रम जिले के साथ-साथ प्रदेश में मनाया जा रहा है। बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र की हर सुविधा सरकार के माध्यम से मिल रही है। सुविधा के साथ-साथ पढ़ना बच्चों का महत्वपूर्ण दायित्व होता है और यह दायित्व उनके माता-पिता का भी हैं। इसलिए सभी अपने बच्चों को अच्छी शिष्टाचार, संस्कार युक्त शिक्षा प्रदान करें। बच्चों को समय पर स्कूल भेजें। इसके साथ ही सभी शिक्षक भी बच्चों को इतना अच्छा पढ़ाए कि भविष्य में बच्चे शिक्षक को याद रखें।