दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे आने के 11 दिन बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने मुख्यमंत्री पद के लिए रेखा गुप्ता के नाम की घोषणा कर दी है। रेखा गुप्ता दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी और आज दोपहर 12:35 बजे शपथ लेंगी। उनके साथ छह अन्य विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। कैबिनेट में शामिल होने वाले संभावित मंत्रियों में पंकज कुमार सिंह का नाम भी प्रमुख है।
कौन हैं पंकज कुमार सिंह?
पंकज कुमार सिंह दक्षिण पश्चिम दिल्ली के विकासपुरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। वे पूर्व एमसीडी अतिरिक्त आयुक्त दिवंगत राज मोहन सिंह के पुत्र हैं। पेशे से दंत चिकित्सक पंकज ने 1998 में मगध विश्वविद्यालय, बोधगया, बिहार से दंत चिकित्सा सर्जरी में स्नातक की डिग्री प्राप्त की। उनकी पत्नी रश्मि कुमारी भी डेंटिस्ट हैं। पंकज की दो बेटियां हैं—भव्या सिंह और प्रज्ञाता सिंह।
पूर्वांचल वोट बैंक की अहम भूमिका
दिल्ली में बीजेपी की सफलता में पूर्वांचली वोट बैंक का अहम योगदान रहा है। किसी भी पार्टी के लिए यह समुदाय बेहद महत्वपूर्ण है। इसी वजह से रेखा गुप्ता की कैबिनेट में पूर्वांचली समाज के प्रतिनिधि के रूप में पंकज कुमार सिंह को शामिल किया गया है। वे बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले हैं और राजपूत समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। पहली बार विधायक बने पंकज कुमार सिंह इससे पहले एमसीडी में पार्षद भी रह चुके हैं। उनके पिता दिल्ली एमसीडी में कमिश्नर के पद पर कार्यरत थे।
ट्रंप ने अपने फैसले का किया बचाव, भारत की आर्थिक स्थिति पर ट्रंप की टिप्पणी
महिंदर यादव को हराकर विधायक बने
2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में पंकज कुमार सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में विकासपुरी विधानसभा क्षेत्र से जीत दर्ज की। उन्होंने 135,564 वोट हासिल किए और अपने प्रतिद्वंद्वी, आम आदमी पार्टी के महिंदर यादव को 12,876 वोटों के अंतर से हराया। विधायक बनने से पहले, वे एमसीडी में पार्षद के रूप में भी कार्यरत थे।
पंकज कुमार सिंह की संपत्ति और पेशेवर जानकारी
पंकज कुमार सिंह का जन्म 6 नवंबर 1977 को हुआ था और वे 48 वर्ष के हैं। उनकी शैक्षणिक योग्यता ग्रेजुएट प्रोफेशनल है। उनके खिलाफ एक मामला दर्ज है। उनकी कुल संपत्ति 4.9 करोड़ रुपये है, जिसमें 28 लाख रुपये की चल संपत्ति और 4.7 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। उनकी देनदारियां 1.6 लाख रुपये हैं। पेशेवर रूप से वे एक डॉक्टर (दंत चिकित्सक) हैं और सामाजिक सेवा कार्यों में सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं।