रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मजबूत राष्ट्र के नाम पर भाजपा उम्मीदवार के लिए मांगा वोट

चंपावत, 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड में लोकसभा चुनाव प्रचार अपने अंतिम पड़ाव पर है। भाजपा के स्टार प्रचारक ताबड़तोड़ जनसभाएं कर रहे हैं। इसी क्रम में आज अल्मोड़ा पिथौरागढ़ संसदीय लोकसभा सीट के भाजपा प्रत्याशी अजय टम्टा के समर्थन में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोहाघाट के रामलीला मैदान में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया।

संबोधन में रक्षा मंत्री ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस डायनासोर की तरह विलुप्त होने के कगार पर पहुंच चुकी है। कांग्रेस के पास कोई भी मुद्दे नहीं हैं, इसलिए भाजपा पर तरह-तरह आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सैनिक बाहुल्य क्षेत्र है। प्रधानमंत्री ने फौजी भाइयों के लिए वन रैंक वन पेंशन योजना लागू की। भारत आज विश्व की पांचवी महाशक्ति बन चुका है। कांग्रेस पार्टी सर्जिकल व एयर स्ट्राइक के सबूत मांगती है। उसे सेना पर विश्वास नहीं है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा पर आरोप लगाती है कि भाजपा हिंदू मुस्लिम की राजनीति करती है लेकिन भाजपा हिंदू मुस्लिम की नहीं, इंसाफ और इंसानियत की राजनीति करती है। प्रधानमंत्री ने अब संसद में भी 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं को दे दिया है। प्रधानमंत्री द्वारा देश में कई जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ देश के करोड़ों गरीबों को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उत्तराखंड के सीमावर्ती गांवों को देश का अंतिम क्षेत्र मानती थी लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने उन क्षेत्रों को अंतिम नहीं, प्रथम क्षेत्र माना। सीमावर्ती क्षेत्रों को सड़क व मोबाइल कनेक्टिविटी से जोड़ा गया। भाजपा शासन में देश के साथ-साथ देश की सेना भी मजबूत हुई है।

राजनाथ सिंह ने लोकसभा प्रत्याशी अजय टम्टा की तारीफ करते हुए कहा कि अजय टम्टा काफी शांत व सरल व्यक्ति हैं। जनता के बीच उनकी गहरी पैठ है। उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों से उन्हें भारी बहुमत से जिताने की अपील की। उन्होंने लोगों से अपील की कि देश की मजबूती व विकास के लिए 19 अप्रैल को कमल के फूल का बटन दबाएं। अजय टम्टा को लगातार तीसरी बार सांसद बनाएं। उन्होंने कहा कि 2024 में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनने जा रही है, जिसका नेतृत्व देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करने जा रहे हैं। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, विजय बहुगुणा क्षेत्रीय सांसद अजय टम्टा समेत स्थानीय भाजपा नेता भी मौजूद थे।