लोकसभा चुनाव : मुख्यमंत्री की मौजूदगी में सीपी जोशी ने भरा नामांकन

चित्तौडग़ढ़, 2 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं चित्तौडगढ़ लोकसभा से भाजपा के प्रत्याशी सीपी जोशी ने मंगलवार को अपना नामांकन भरा। इससे पूर्व ईनाणी सेंटर में विशाल नामांकन रैली का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा और पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ के साथ कई भाजपा पदाधिकारी सम्मिलित रहे।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा इस पांडाल में उमड़ा जन सैलाब प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी के प्रति आपके प्रेम और स्नेह को दर्शा रहा है। इसी के बल पर चित्तौड़गढ में प्रचंड बहुमत से जीत की हैट्रिक लगेगी इसका पूरा भरोसा है। उन्होने कहा कि सीपी जोशी जी अपने लोकसभा क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयासरत रहते है। हाल ही में प्रताप सर्किट के लिए 100 करोड़ रूपये स्वीकृत हुए और इसमें चित्तौडगढ़ को भी शामिल किया, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, बैणेश्वर धाम, मां त्रिपुरा सुंदरी, सीतामाता अभ्यारण को जोडकर पर्यटन सर्किट बनाने का काम हुआ, देवास परियोजना का शिलान्यास हुआ जिसका लाभ कपासन और चित्तौड को मिलेगा ज्यादा पानी आने पर उसका पानी बीसलपुर जाऐगा जिससे आधे राजस्थान को लाभ पहुंचेगा। इनके अलावा क्षेत्र को और भी कई विकास कार्यों की सौगात मिली है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि 2014 से पहले देश में अनगिनत घोटाले होते थे, देश में आतंकवादी आते थे और बम फोडकर चले जाते थे, देश तुष्टिकरण की राजनीति हो रही थी, जनता को लगने लगा था कि आखिर ऐसी आजादी के क्या मायने है। 2014 के बाद भाजपा की मोदी सरकार ने गरीब और किसानों के कल्याण से लेकर सीमाओं की सुरक्षा, और विकास के लेकर देश का स्वाभिमान बढ़ाने का काम किया। देश की जनता ने देखा कि किस प्रकार आतंकी घटनाओं का जवाब दुश्मन के घर में घुसकर दिया गया, माताओं-बहनों को सम्मान मिला।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी कहते थे कि दिल्ली से 100 रुपये भेजे जाते है लेकिन जनता तक सिर्फ 15 रुपये ही पहुंच पाते है। अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 100 रुपये भेजते है तो पूरे 100 रुपये ही जनता तक पहुंचते है। देश की मजबूती और विकास की रफ्तार को बनाए रखने के प्रदेश की सभी सीटों पर कमल खिलाना है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले दस सालों में चित्तौडगढ लोकसभा में अभूतपूर्व विकास के काम हुए है, अगर भाजपा की मोदी सरकार नहीं होती तो यह संभव नही हो पाता। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कांग्रेस की सरकारें पचास सालों में भी विकास नहीं कर पाई। कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता जनता के बीच जाते समय अपने पचास सालों का हिसाब रखना होगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस बताएं आखिर क्या कारण है फोर लेन और सिक्स लेन सड़के, मावली से मारवाड, मावली से बड़ी सादडी, बडी सादडी से नीमच की ट्रने, रतलाम से चित्तौड-कोटा, उदयपुर से चित्तौड-अजमेर रेलवे लाईनों का विद्युतीकरण, चित्तौड, प्रतापगढ़ और उदयपुर में पासपोर्ट ऑफिस, चित्तौडगढ़ और प्रताप गढ़ में केन्द्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, प्रतापगढ़ और वल्लभनगर में कृषि विज्ञान केन्द्र, उदयपुर एयरपोर्ट से उडानो में वृद्धि और एक हजार करोड के विकास कार्यों के लिए जनता को भाजपा की सरकार का इंतजार क्यों करना पड़ा। चित्तौड के जौहर स्थल पर इतने वर्षों में विकास क्यों नही हो पाया। मोदी सरकार में रेलवे, हाईवे, एयरपोर्ट लेकर ग्रामीण व शहरी विकास तक हर क्षेत्र में विकास हुआ, देश को परिवार मानकर गरीब कल्याण से लेकर किसान सम्मान, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के उत्थान के लिए काम किया। मां भारती के वैभव को बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने जीवन का क्षण-क्षण लगा दिया।

उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि नामांकन रैली में उमडा जन सैलाब बता रहा है कि यहां पर भाजपा की प्रचंड बहुमत से जीत निश्चित है, भाजपा की सरकार ने मातृ शक्ति की मजबूती के लिए अनेक काम किए है इसलिए मेवाड़ की माताएं बहने एक एक घर से वोट निकालने का काम करेगी।

उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि रैली में उमडे जन सैलाब को देखकर लगता है कि अबकी बार भाजपा की हवा नहीं बल्कि तूफान है। यहां की जनता सीपी जोशी को रिकॉर्ड मतों से जिताने को तैयार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई सोच और विजन के साथ काम कर दुनिया में भारत का मान बढाया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विकसित भारत का जो संकल्प लिया है उसे पूरा करने में हमें अपनी भूमिका निभानी है और प्रदेश की सभी सीटों पर कमल खिलाना है।

नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने कहा कि यहां पर उमडा जन सैलाब, जोश और उत्साह बता रहा है कि सभी ने सीपी जोशी जी को एक बार फिर देश की सबसे बड़ी पंचायत में भेजना का मन बना लिया है। चित्तौड का स्वाभिमान और संघर्ष इतिहास के पन्नो में लिखा है। यह चुनाव भी देश के स्वाभिमान का चुनाव है। पिछले दस वर्षों में जनता ने देश के सम्मान को बढ़ते देखा है, गरीब का कल्याण होते देखा है, 25 करोड लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकलते देखा है, महिलाओं का सशक्तिकरण देखा है, कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचते देखा है।