चिन्नागेलूर में बन रहे 49 लाख के रपटा निर्माण में हुआ भ्रष्टाचार-कांग्रेस विधायक

बीजापुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने भाजपा नेता अजय सिंह पर 49 लाख के भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से शिकायत की है। विधायक विक्रम मंडावी ने शनिवार को भाजपा नेता अजय सिंह पर चिन्नागेलूर में बन रहे 49 लाख के रपटा पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि जो रपटा बन रहा है उसकी लंबाई में कमी है, एवं सही तरीके से इस रपटा का निर्माण नही किया गया।

उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत हमने कलेक्टर से की है। अगर जांच नहीं होगी और दोषियों पर जिला प्रशासन कार्रवाई नहीं करेगी तो कांग्रेस चिन्नागेलूर में जाकर धरने पर बैठेंगे। वहीं विधायक के आरोप पर भाजपा नेता अजय सिंह ने जबाब देते हुए विधायक को विकास विरोधी और नक्सल समर्थक बताया है।

अजय सिंह ने कहा कि सस्ती लोकप्रियता हासिल करने विधायक अधूरे निर्माण के बावजूद भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहे। चिन्नागेल्लूर से तर्रेम मार्ग पर तोयानाला में रपटा एवं एप्रोच रोड निर्माण कार्य जिला निर्माण समिति से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 34 लाख के निर्माण कार्य को विधायक 49 लाख बता रहे हैं। संवेदनशील क्षेत्र होने से सुरक्षा नहीं मिलने के चलते कार्य रोका गया था। विधायक आधी-अधूरी जानकारी जुटा आरोप लगा रहे हैं, जबकि निर्माण कार्य 80 फीसदी बचा हुआ है। ग्रामीणों द्वारा शिकायत की बात भी झूठी है।आचार संहिता हटने के बाद कांग्रेस नेताओं समेत विधायक कार्याकाल में देवगुड़ी से लेकर तमाम कार्यों की जांच जरूर होगी।