हिसार : पार्टी के बैंक खाते फ्रीज करने के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

22 Hsr1 144

हिसार, 22 मार्च (हि.स.)। विपक्षी नेताओं की आवाज दबाने के लिए भाजपा सरकार पर ईडी, सीबीआई व सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। पार्टी के प्रदेश सीनियर प्रवक्ता व जिला कन्वीनर बजरंग गर्ग के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के इशारे पर कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज करने का विरोध जताया।

इस मौके पर सीनियर प्रवक्ता बजरंग गर्ग ने कहा कि भाजपा सरकार आगामी लोकसभा चुनाव में अपनी हार को देखते हुए लोकतंत्र की हत्या करने पर तुली है। भाजपा सरकार ने लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी के बैंक खाते को फ्रीज करके देश की सबसे बड़ी पार्टी को कमजोर करने की कोशिश में लगी हुई है। इससे साफ सिद्ध होता है कि भाजपा सरकार डरी हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार चुनी हुई सरकार को तोड़ने, विधायक, सांसद व चुने हुए पार्षदों को तोड़ने में अपनी पूरी ताकत लगा रही है। जनता के चुने हुए मुख्यमंत्री को तोड़ने के लिए उनको गिरफ्तार किया गया है, जिसके कारण देश व प्रदेश की जनता में भाजपा सरकार के प्रति बड़ी भारी नाराजगी है।

गर्ग ने कहा कि भाजपा सरकार ने चुनावी चंदे के नाम पर बड़ी-बड़ी कंपनियों से करोड़ों-अरबों रुपये का चंदा वसूला है। यहां तक कोरोना काल में, जब जनता मर रही थी, उस समय भी भाजपा सरकार ने कोरोना की वैक्सीन बनाने वाली कंपनियों से करोड़ों रुपये का चंदा ले रही थी। भाजपा ने गोमांस बेचने वाली फर्माें से भी चंदा वसूलने का काम किया है। भाजपा ने करोड़ों-अरबों रुपये अपने बैंक खाते में जमा करा लिए और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी के खातों पर लेनदेन पर रोक लगा दी है ताकि कांग्रेस पैसे की कमी के कारण मजबूती के साथ चुनाव न लड़ सके। गर्ग ने कहा कि जो भी विपक्षी नेता जनता के हित में आवाज उठाता है उसको भाजपा सरकार सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर उनके खिलाफ झूठी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता के सहयोग से केंद्र में इंडी गठबंधन की सरकार बनेगी और साथ ही भारी बहुमत से हरियाणा में भी कांग्रेस की सरकार बनेगी।