कांग्रेस के दिग्गजों ने थामा भाजपा का दामन : कटारिया, मिर्धा, यादव, बैरवा सहित 1370 नेताओं ने ग्रहण की भाजपा की सदस्यता

जयपुर, 10 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर उनके नेतृत्व में राष्ट्रनिर्माण के लिए कंधे से कंधा मिलाकर काम करने का संकल्प लेते हुए रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पर विभिन्न राजनीतिक दलों से आए सांसद, पूर्व मंत्री, विधायक, प्रधान, जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्यों सहित 1,370 नेताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मौजूदगी में सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री लालचंद कटारिया, पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री खिलाड़ी लाल बैरवा, पूर्व मंत्री राजेन्द्र यादव, पूर्व विधायक रिछपाल मिर्धा, जनता सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष रणधीर सिंह भिंडर, दीपेन्द्र कंवर भिंडर, आलोक बेनीवाल, विजयपाल सिंह मिर्धा, रामनारायण किसान, कांग्रेस सेवादल के पूर्व अध्यक्ष सुरेश चौधरी, भीलवाड़ा से कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष रामपाल शर्मा, क्रीड़ा परिषद के उपाध्यक्ष अनिल व्यास, बॉडी बिल्डिंग में गोल्ड मेडलिस्ट प्रिया सिंह मेघवाल और कांग्रेस से लोकसभा प्रत्याशी रहे रिजू झुनझुनवाला सहित अन्य सभी लोगों को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भाजपा का पटका पहनाकर सदस्यता ग्रहण करवाई और भाजपा परिवार में स्वागत किया।

प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी प्रदेश की सभी 25 लोकसभा सीटों पर कमल खिलाकर, इनकी विजय माला प्रधानमंत्री मोदी को पहनाएंगे और अबकी बार 400 पार की संकल्प सिद्धि में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। पिछली सरकारों के समय अंतिम समय में घोषणाओं की याद आती थी। वहीं मौजूदा भजनलाल शर्मा सरकार ने पहले दिन से संकल्प पत्र पर काम करना शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ईआरसीपी जल समझौता और यमुना जल समझौता जैसे भागीरथी कार्य किये हैं। 500 सालों के संघर्ष के बाद प्रभुश्री राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कर सनातन धर्म से जुड़े करोड़ों लोगों की आस्था को संबल देने का काम किया है। आज उसी का परिणाम है कि सनातन धर्म को मानने वाले सभी लोगों ने भाजपा का दामन थामा है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति का कल्याण करना है। मौजूदा समय में राजनीतिक पार्टियां किस उद्देश्य के साथ राजनीति में काम करती हैं, यह उन्हें जनता को बताना होगा। 2014 के बाद पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने जब काम करना शुरू किया, तो आजादी के समय से राज करने वाली पार्टियों का हेतु ही बदल गया। पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक देश के अंदर राज करने वाली कांग्रेस पार्टी पर जनता ने विश्वास किया, उसे चुनकर सत्ता तक पहुंचाया, लेकिन कांग्रेस ने जनता को धोखे के अलावा कुछ नहीं दिया। आजादी के बाद देश को सच्चे राष्ट्रवादी राजनीतिक दल की आवश्यकता हुई, ऐसा दल जो कि हमारे पूर्वजों जिन्होंने आजादी के लिए कुर्बानी दी उनका सम्मान कर सके।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि 2014 से पहले आए दिन हजारों करोड़ों रुपए के घोटाले होते थे आए दिन आतंकी घटनाएं होती थी। आज देश में एक परिवर्तन की लहर चली और भारत का डंका विश्व में बजा। कांग्रेस ने गरीब और किसानों के नाम पर वोट मांगे लेकिन उनके लिए किया क्या? वहीं हम जो काम करते हैं उसका हिसाब देते हैं। हमारी सरकार छह माह बाद राजस्थान की जनता को काम का हिसाब देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने ईआरसीपी और यमुना जल समझौता करके दिखाया, क्योंकि हमने संकल्प किया था। कांग्रेस ने ईआरसीपी के नाम पर जनता को हमेशा गुमराह किया। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार होने के बावजूद कांग्रेस ईआरसीपी को नहीं ला पाई। हमने यमुना जल समझौता कर शेखावटी के तीन जिलों को पानी देने का काम शुरू कर दिया है। कांग्रेस के लोग ध्यान रखें कि स्वार्थ की राजनीति ज्यादा समय तक नहीं कर पाएंगे। हम जनता के बीच संकल्प पत्र लेकर गए हैं, वहीं हमारे केंद्र की सरकार का संकल्प पत्र देख लीजिए हमने चुनाव से पहले जो वादे किये उन्हे पूरा करने के लिए काम कर रहे हैं।

भाजपा प्रदेश सह-प्रभारी विजया राहटकर ने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है जो सबको साथ लेकर काम करती है और इस देश का गरीब शोषित वंचित युवा महिला किसान उन सभी के लिए काम करती है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री लालचंद कटारिया ने संबोधित करते हुए कहा कि बहुत दिनों से अंतरात्मा कुंठित थी। अंतरात्मा की आवाज पर पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा परिवार में शामिल होने का निर्णय किया है। पूर्व विधायक रिछपाल मिर्धा ने कहा कि कई दिनों से कांग्रेस में परेशान हो रहे थे और परेशानी की वजह यह है कि पिछले 50 वर्ष से कांग्रेस में काम किया है। जिस समाज से मैं आता हूं उस समाज को कांग्रेस ने कुछ नहीं दिया और आज हम जिस मंच पर खड़े हैं उसी पार्टी के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने हमारे समाज को 1999 में आरक्षण दिया था। पूर्व सांसद खिलाड़ी लाल बैरवा ने कहा कि पीएम मोदी के पास विकास का विजन है। मोदी देश को आगे बढ़ने का सपना देखते हुए उन्हे पूरा करने का काम कर रहे हैं। इसलिए हमने तय किया है कि हमें भाजपा की सदस्यता ग्रहण करनी है, क्योंकि पिछली कांग्रेस सरकार के समय हमने लगातार डेढ़ साल तक सीएम गहलोत को कहा कि अनुसूचित जाति बोर्ड को संवैधानिक दर्जा दिलाने का काम करें लेकिन नहीं हुआ। पूर्व मंत्री राजेंद्र यादव ने कहा कि राजस्थान की सभी 25 लोकसभा सीटें भाजपा की झोली में होगी।

संचालन जॉइनिंग कमेटी के अध्यक्ष पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी ने किया। इस दौरान मंच पर केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, डिप्टी सीएम दीया कुमारी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, पूर्व सांसद ज्योति मिर्धा, धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष राज्य मंत्री ओंकार सिंह लखावत, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, भाजपा प्रदेश महामंत्री दामोदर अग्रवाल, जितेन्द्र गोठवाल, श्रवण सिंह बगड़ी, प्रदेश उपाध्यक्ष नाहर सिंह जोधा, विधायक कुलदीप धनकड़, बाल मुकुंदाचार्य, प्रदेश कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक, सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।