महिलाओं के चेहरे पर मुस्कान से भाजपा को परहेज: कांग्रेस

रांची, 04 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा कि महिलाओं के चेहरे पर मुस्कान से भाजपा को परहेज है। जब से मईंयां सम्मान योजना की शुरुआत हुई है तब से भाजपा इसके विरोध में है।

शांति ने बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि महिला विरोधी मानसिकता से भाजपा पूरी तरह ग्रसित हैं। राज्य की 50 लाख महिलाओं की आर्थिक मजबूती के लिए सरकार के जरिये उठाया गया यह कदम भाजपा के गले नहीं उतर रहा है।

पूर्व की भाजपा सरकार के जरिये अनेकों बार भाजपा के कार्यक्रमों के लिए स्कूली बसों और स्कूल परिसरों का उपयोग किया जाता रहा है। लेकिन आज सरकार का यह सफल कार्यक्रम उनकी आंखों में खटक रहा है तो उन्होंने विरोध का एक नया बहाना खोज लिया है। भाजपा नेताओं को पहले यह बताना चाहिए कि क्या पहली बार स्कूली बसों का इस्तेमाल किया गया है, पूर्व की भाजपा सरकार ने कितनी बार स्कूली बसों का इस्तेमाल किया है। राजनीतिक सुचिता की मर्यादा को तार तार करने वाले आज घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं। मईंयां सम्मान योजना के लिए महागठबंधन सरकार के जरिये निर्धारित लक्ष्य तक एक माह से भी कम समय में पहुंचने के कारण झारखंड में भाजपा को अपना भविष्य अंधकार में नजर आने लगा है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में झारखंड के लिए विकास की एक नई लकीर खींची है जिसके कारण भाजपा के नेता घबराये हुए हैं, विरोध के जिन-जिन मुद्दों को उन्होंने उठाया है उसमें वह बुरी तरह मात खा रहे हैं। जनता उनके विरोध को पूरी तरह से नकार रही है। किशोरी समृद्धि योजना, मईया सम्मान योजना, वृद्धावस्था पेंशन की उम्र सीमा कम करने जैसे फैसले महिलाओं के सशक्तिकरण और उत्थान के लिए उठाए गए एक मजबूत और सकारात्मक कदम के लिए देश में जाना जाएगा।