कांग्रेस ने देश के साथ कभी न्याय नहीं किया, जनता से मांगे माफी : बाबूलाल मरांडी

रांची, 08 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला है। मरांडी ने कहा कि कांग्रेस ने देश के साथ कभी न्याय नहीं किया है। उसने झारखंडवासियों के साथ पूरे देश के साथ अन्याय किया है। कांग्रेस को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए।

बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को प्रदेश कार्यालय में प्रेसवार्ता में कहा कि कांग्रेस के समय गांव तक सुविधाएं नहीं पहुंची थीं। गांव में सड़कें नहीं थीं, बिजली नहीं थी और चिकित्सा व्यवस्था का हाल बुरा था। कांग्रेस ने कभी गांव की चिंता नहीं की। कांग्रेस नेता गांव की बात रोज करते थे पर उन्होंने गांव के लिए कोई काम नहीं किया। मरांडी ने कहा कि कांग्रेस को क्षमा मांग कर न्याय पत्र निकालना चाहिए।

मरांडी ने कहा कि आज गांव में सड़क है, बिजली है, चिकित्सा की सुविधा है। एक समय कांग्रेस ने पूरे देश में संकट पैदा कर रखा था। कांग्रेस के शासनकाल में शहरों में भी गैस सिलेंडर नहीं मिलता था। आज हर गरीब के घर गैस चूल्हा है। भाजपा के शासनकाल में बैंकों को गरीबों की चौखट तक पहुंचाया। लोगों का खाता खुलवाया। ग्रामीणों को सारी सुविधाएं उनके खातों में पहुंचा रहे हैं। भारत आज आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर मारता है। कांग्रेस के राज में दंगा चरम पर था, पर आज चारों ओर शांति है। देश प्रगति के पथ पर अग्रसर है। देश आज आर्थिक रूप से आगे बढ़ता जा रहा है। भारत आज विश्व की पांचवीं आर्थिक महाशक्ति बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित बनाने का है और इस दिशा में तेजी से कार्य हो रहे हैं।