कांग्रेस विधायक अरविंद लाडाणी ने विधानसभा की सदस्यता से दिया इस्तीफा

जूनागढ़, 6 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस के एक और विधायक ने बुधवार को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। बुधवार शाम विधानसभा अध्यक्ष शंकरभाई चौधरी के निवास पर जाकर जूनागढ़ जिले की माणवदर विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक अरविंद लाडाणी ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। अब उनके किसी भी समय भाजपा में जुड़ने की संभावना जतायी जा रही है। विधानसभा अध्यक्ष के पास जाते समय लाडाणी के साथ जूनागढ़ के भाजपा विधायक संजय कोरडिया भी मौजूद थे।

कांग्रेस विधायक अरविंद लाडाणी सर्वप्रथम वर्ष 2019 में हुए उप चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार जवाहर चावडा से चुनाव हार गए थे, लेकिन इसके 3 साल बाद वर्ष 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा के जवाहर चावडा को हराकर विधायक बने थे। अरविंद लाडाणी को पोरबंदर के पूर्व विधायक अर्जुन मोढवाडिया का करीबी माना जाता है। मोढवाडिया 5 मार्च को विधिवत भाजपा में शामिल हो चुके हैं। इसके बाद से ही लाडाणी के भी भाजपा में शामिल होने की चर्चा शुरू हो गई थी। लाडाणी का फोन भी पिछले 3 दिनों से बंद आ रहा था। लाडाणी के इस्तीफे के बाद अब वे किसी भी समय भाजपा में शामिल हो सकते हैं। उनके इस्तीफे की खबर उस समय आ रही है, जब 7 मार्च को राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा राजस्थान से होते हुए गुजरात में प्रवेश करेगी। कुछ ही दिनों के अंदर कांग्रेस के कई दिग्गज नेताओं का भाजपा में शामिल होना, राहुल गांधी की यात्रा पर कई तरह से भारी पड़ेगा।

राजुला के पूर्व विधायक और आहिर समाज के बड़े नेता अंबरीश डेर के कांग्रेस छोड़ने के बाद पोरबंदर के विधायक अर्जुन मोढवाडिया ने पार्टी छोड़ दी थी। इससे पूर्व कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य नाराण राठवा, खंभात के कांग्रेस विधायक चिराग पटेल, विजापुर के विधायक सी जे चावडा ने कांग्रेस से इस्तीफा देते हुए भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।