कांग्रेस नेता अंग्रेज साहबों की तरह हैं: मुख्यमंत्री

नगांव (असम), 23 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस नेता अंग्रेज साहबों की तरह हैं। कांग्रेस नेताओं से बात करने के लिए जनता को पहले अंग्रेजी सीखनी होगी। मुख्यमंत्री मंगलवार को नगांव लोकसभा क्षेत्र के जुरिया में भाजपा उम्मीदवार सुरेश बोरा के समर्थन में एक विशाल चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने नगांव के निर्वतमान सांसद तथा कांग्रेस उम्मीदवार प्रद्युत बरदलै पर तंज कसते हुए कहा कि प्रद्युत बरदलै अंग्रेज साहबों की तरह सूटकेस लेकर नगांव पहुंचते हैं और फिर सूटकेस लेकर वापस चले जाते हैं। उनकी पहचान असम में सूटकेस नेता के रूप में है। उन्होंने कहा की प्रद्युत बरदलै अंग्रेज साहबों की तरह गरीब लोगों से हाथ न तो मिलाते हैं, न ही उनसे मिलते हैं। कभी यदि किसी गरीब से उन्हें हाथ मिलाना भी पड़ा तो वह साबुन से हाथ धोते हैं। उन्होंने कहा कि सूटकेस सांसद को वोट देकर जनता को कोई लाभ नहीं होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के समय में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा दिया गया है। कांग्रेस के जमाने में एक आंगनबाड़ी कर्मी की नौकरी के लिए भी रिश्वत देना पड़ता था, लेकिन आज स्थितियां बदल गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज मेधा के आधार पर गरीब लोगों को भी नौकरियां मिली हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की संस्कृति असम में अब समाप्त हो चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार विकास के साथ-साथ जनता की समस्याओं के प्रति भी गंभीर है। यही वजह है कि हमने वसुंधरा योजना के जरिए लोगों को भूमि का अधिकार दिया। अरुणोदय योजना के तहत महिलाओं को प्रत्येक महीने सहायता दी जा रही है। किसानों को कृषक सम्मान निधि के तहत सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घरों के जियो टैग के लिए अब रिश्वत देने की आवश्यकता नहीं है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार की कई योजनाओं की चर्चा की तथा पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर एक से बढ़कर एक आरोप लगाए।