चुनाव जीतने के लिए कांग्रेस कर रही तुष्टिकरण की राजनीति : अविनेश सिंह

रामगढ़, 25 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अविनेश कुमार सिंह गुरुवार को रामगढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस पर चुनाव जीतने के लिए तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यह राजनीति नई नहीं है। 60 के दशक से भाजपा इसका विरोध करते आ रही है।

भाजपा नेता रणंजय कुमार उर्फ कुंटू बाबू के आवास पर पहुंचे भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने यहां आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि कांग्रेस द्वारा लोकसभा चुनाव को लेकर जो घोषणा पत्र जारी किया गया है वह न ही राष्ट्रहित में है, न समाजहित में और ना ही लोकहित में है। कांग्रेस पार्टी ने तुष्टिकरण को हमेशा वोट बैंक के रूप में प्रयोग करने का प्रयास किया है। इस बार के चुनाव में भी वह ऐसा ही करने का प्रयास कर रही है।इसके विपरीत भारतीय जनता पार्टी के लिए देशहित और समाजहित सबसे महत्वपूर्ण रहा है। जब 2014 में केंद्र में भाजपा की सरकार बनी तो उस समय देश की अर्थव्यवस्था विश्व में 11वें नंबर पर थी, जो आज 5वें नंबर पर है। भाजपा का यह हमेशा प्रयास रहा है कि देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो और रक्षा के क्षेत्र में देश आत्मनिर्भर बने।

भाजपा में सभी समुदाय के लोगों को मिलता है बराबर का हक

उन्होंने कहा कि भाजपा में सभी समुदाय के लोगों को बराबर का प्रतिनिधित्व मिलता है, जबकि कांग्रेस हमेशा तुष्टिकरण को बढ़ावा देने का प्रयास करती है। भाजपा किसी एक परिवार या जाति की पार्टी नहीं है और भाजपा समाज के अंतिम व्यक्ति के उदय को लेकर नीति बनाती है। भाजपा में किसान, नौजवान, रिक्शा चालक सभी को आगे बढ़ने का अवसर दिया जाता है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि इस बार के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस द्वारा कुछ ऐसे विषय लाए गए हैं जो चिंताजनक हैं, लेकिन जनता कांग्रेस की तुष्टिकरण की नीति को समझती है इसलिए लोग उनके झांसे में नही आएंगे।