कांग्रेस डूबती जहाज, इसे डूबने से कोई ताकत रोक नहीं सकती : राजनाथ सिंह

भोपाल, 30 अप्रैल (हि.स.)। रक्षा मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ राजनाथ सिंह ने मंगलवार को मध्यप्रदेश के खंडवा और खरगोन में आयोजित जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस डूबता जहाज है, जिसे डूबने से कोई ताकत नहीं रोक सकती।

राजनाथ सिंह ने कहा कि सूरत से भाजपा के प्रत्याशी निर्विरोध विजयी हो गए और इंदौर ने कांग्रेस प्रत्याशी ने कांग्रेस से त्यागपत्र देकर भाजपा का दामन थाम लिया। कांग्रेस सूरत में भाजपा की निर्विरोध विजय को लोकतंत्र के लिए खतरा बता रही है, लेकिन आजाद भारत में स्वयं कांग्रेस के प्रत्याशी 20 बार निर्विरोध विजयी हुए हैं।

उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी की सरकार ने पिछले 10 वर्षों में कैसा काम किया है, वो भारत के जन-जन को पता है। पहले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की बात को गंभीरता पूर्वक नहीं लिया जाता था, लेकिन आज जब भारत बोलता है तो पूरी दुनिया कान खोलकर सुनती है। भारत का कद पिछले 10 सालों में बहुत बढ़ा है। रूस और यूक्रेन युद्ध के समय भारत के बहुत से बच्चे वहां फंसे हुए थे और हमारे प्रधानमंत्री ने उस कठिन समय में रूस और यूक्रेन के राष्ट्रपतियों से बात करके साढ़े चार घंटे के लिए युद्ध को रुकवा कर 22000 बच्चों को यूक्रेन से सुरक्षित निकाल कर भारत वापस लाया।

उन्होंने एक देश, एक चुनाव को लेकर ने कहा कि बार-बार विधानसभा और लोकसभा चुनाव होने के कारण नेताओं और जनता दोनों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है लेकिन भाजपा का ये संकल्प है कि यह सिलसिला अब बंद होना चाहिए और जो भी लोकसभा व विधानसभा चुनाव होने हैं वो पांच वर्षों में एक बार ही होने चाहिए। उन्होंने विश्वास दिलाते हुए कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव एक साथ होंगे, चाहे उसके लिए हमें कोई भी संशोधन करना पड़े, हम करेंगे।

उन्होंने कहा कि यूपीए शासन के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था विश्व में 11वें स्थान पर थी लेकिन भाजपा के 10 वर्षों के कार्यकाल के बाद आज भारतीय अर्थव्यवस्था विश्व में 5वें पायदान पर आ गई है। आज विश्व के बड़े-बड़े वित्तीय संस्थानों ने दावा किया है कि भारत सर्वाधिक तेज गति से अर्थव्यवस्था के मामले में आगे बढ़ रहा है और इसी गति से भारत 2027 तक विश्व का तीसरा बड़ा आर्थिक शक्ति बन जाएगा।