कांग्रेस सरकार ने आपदा राहत राशि के वितरण में की बंदरबाट : अनुराग ठाकुर

ऊना, 06 मई(हि. स.)। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस में शीर्ष नेतृत्व से लेकर नीचे तक पढ़ने लिखने की आदत नहीं है। इसीलिए उन्हें भाजपा का विकास और अपना भ्रष्टाचार नहीं दिखता। हमने मात्र एक वर्ष में 20 हजार ग्रामीण आवास मंजूर कराए हैं। अनुराग ठाकुर सोमवार को ऊना व हरोली मंडल में आयोजित पन्ना प्रमुख सम्मेलन में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि हिमाचल में बीते वर्ष आई आपदा के समय त्वरित तौर पर केंद्र की ओर से कांग्रेस सरकार को 1762 करोड़ दिए गए। हमने मनरेगा में भी अलग से पैसे दिए, लेकिन कांग्रेस ने तिरपाल बांटने में भी बंदर बांट करते हुए यह देखा कि कौन कांग्रेस का है कौन बीजेपी का है। कांग्रेसी नेताओं ने तिरपाल बँटाई में भी भाई-भतीजावाद को प्राथमिकता दी। इन्होंने खुद तो आपदा पीड़ितों के लिए कुछ नहीं किया और केंद्र से मिली मदद का भी उपयोग नहीं कर पाए।

उन्होंने कहा कि आज चुनाव परिणाम से पहले हीं कांग्रेस पार्टी हार मान चुकी है इसलिए वह कभी ईवीएम तो कभी इलेक्शन कमीशन तो कभी कुछ और पर ठीकरा फोड़ रहे हैं। कांग्रेस तो झूठ, भय और भ्रष्टाचार से आगे बढ़कर अब डीप फेक का उपयोग कर रही है। कांग्रेस की देश विरोधी नीतियों का आलम यह है कि आज उन्हें समर्थन भारत से नहीं बल्कि पाकिस्तान से मिल रहा है।

विदेशी ताक़तें कांग्रेस से अपनी उम्मीदें लगाए बैठी हैं लेकिन भारतीय जनता अब कांग्रेस के हाथों में देश कभी नहीं देगी। यह वही कांग्रेस है जो सैन्य खरीद में भी भ्रष्टाचार करती है। यह वही कांग्रेस है जो सेना को कमजोर बनाना चाहती है। यह वही कांग्रेस है जो सेना के पराक्रम पर सवाल उठाती है और कसाब जैसे आतंकवादी के पकड़े जाने के बाद भी पाकिस्तान पर कोई कार्रवाई नहीं करती है।

अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र को इतने बड़े-बड़े प्रोजेक्ट मिले हैं जिनकी पहले कोई कल्पना भी नहीं कर सकता था। 1762 करोड रुपए के एम्स अस्पताल के बाद किसे पता था कि हम अपने ऊना के लिए 500 करोड़ का पीजीआई अस्पताल भी मंजूर करवा लेंगे। लेकिन यह सब हमने मोदी जी के नेतृत्व में संभव कराया है। आज हमारा संसदीय क्षेत्र मेडिकल टूरिज्म का हब बनने वाला है। इससे यहां रोजगार और स्वरोजगार के साधन उपलब्ध होंगे। इसी प्रकार आज हमारे यहां सभी बड़े शैक्षणिक संस्थान हैं और अब प्रदेश का पहला सिंथेटिक हॉकी फील्ड भी हम ऊना में हीं बनाने जा रहे हैं। आज हमने दौलतपुर चौक तक रेलवे लाइन पहुंचा दी है और उसका विद्युतीकरण भी किया है।