आगजनी की घटना को राष्ट्रपति के दौरे से जोड़कर भ्रम फैला रही कांग्रेस : भाजपा

देहरादून, 26 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस पर आगजनी की घटना को राष्ट्रपति के दौरे से जोड़ते हुए भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। भाजपा ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश की कानून व्यवस्था चाक चौबंद है, जो कांग्रेस और उनके नेताओं से हजम नहीं हो रही है। भाजपा ने कहा कि पुलिस ने इस मामले में संदिग्ध आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तार भी कर लिया है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस दावों से उलट यह घटना राष्ट्रपति के दौरे के बाद हुई थी। कांग्रेस अपने वजूद की लड़ाई लड़ती-लड़ती सरकार की छवि खराब करने के लिए भ्रम फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि आज कांग्रेस पार्टी के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसलिए झूठ और भ्रम से जनता में भय का माहौल पैदा कर राजनैतिक रोटियां सेंकने के प्रयास में लगी रहती है। हाशिए पर जा रही हताश निराश कांग्रेस पार्टी, हर घटना का मीडिया ट्रायल शुरू कर देती है। इससे कानूनी प्रक्रिया प्रभावित होती और मुल्जिम को फायदा मिलता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के राजधानी से जाने के बाद हुई एक आगजनी की घटना को उनके दौरे से जोड़ने की असफल कोशिश कांग्रेस के द्वारा की गई है। कांग्रेस जिस घटना को राष्ट्रपति के दौरे में हुई सुरक्षा चूक बता रही है। दरअसल वह दोपहर बाद 24 अप्रैल को राष्ट्रपति के प्रस्थान करने के बाद देर रात हुई थी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राष्ट्रपति के पिछले दौरे के दौरान हुई लूट की घटना का भी राजनैतिक लाभ उठाने की कोशिश की थी। उस घटना में उत्तराखंड पुलिस ने सिर्फ अपनी घटना का खुलासा ही नहीं किया था बल्कि महाराष्ट्र, पश्चिमी बंगाल, गुजरात, बिहार और कई राज्य में घटना को अंजाम देकर फरार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में भी आगजनी की घटना के मात्र 24 घंटे के भीतर संदिग्ध की पहचान करते हुए पुलिस टीम ने उत्तरप्रदेश पुलिस से संपर्क कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितों गिरफ्तार भी कर लिया है।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुयाल ने कहा कि कांग्रेस का मकसद झूठ बोलकर, तथ्यों को तोड़ मरोड़कर किसी भी तरह से सरकार को बदनाम करना है।