एक भारत श्रेष्ठ भारत के अंतर्गत छत्तीसगढ़ी व गुजराती संस्कृति का हुआ संगम

सुकमा, 27 अप्रैल(हि.स.)। जिले के केंद्रीय विद्यालय में शनिवार को देश के दो अलग-अलग राज्यों की संस्कृति का समागम हुआ। इसके लिए सुकमा में केंद्रीय विद्यालय संगठन, रायपुर संभाग के दिशा निर्देश पर वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से दो अलग-अलग राज्यों की संस्कृति के मिलन का कार्यक्रम आज शनिवार को संपन्न हुआ।

विद्यालय में कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक विज्ञान के शिक्षक दाताराम के नेतृत्व में हुआ। जिसमें केंद्रीय विद्यालय सुकमा के बच्चों ने गुजरात राज्य के केंद्रीय विद्यालय इच्छानाथ, सूरत के विद्यार्थियों से अपनी संस्कृति को साझा किया तो वहीं दूसरी ओर से गुजराती संस्कृति को भी जाना।

कार्यक्रम में प्राचार्य दिनेश कुमार ने सूरत के केंद्रीय विद्यालय इच्छानाथ के प्राचार्य यशदीप रोहिला और उनके विद्यार्थियों का स्वागत संबोधन किया। संगीत शिक्षक विकास वैष्णव के निर्देशन में विद्यालय की छात्राओं ने वहां के बच्चों को छत्तीसगढ़ी आदिवासी नृत्य और संगीत की झांकी दिखाई। विद्यालय के विद्यार्थियों ने सुकमा की भौगोलिक विशेषताओं व यहां के खानपान की विविधता का परिचय दिया। दोनों विद्यालय के शिक्षक और विद्यार्थी इस कार्यक्रम से लाभान्वित हुए।

उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा देशभर के सभी केंद्रीय विद्यालयों में एक भारत-श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम लागू किया गया है, जिसमें देश के दो अलग-अलग राज्यों का युग्म बनाया गया है। इसमें छत्तीसगढ़ को गुजरात राज्य के साथ रखा गया हैं। सत्र पर्यंत दोनों राज्यों के विद्यार्थी विभिन्न क्रिया-कलापों का आयोजन करते हुए एक दूसरे को गहराई से जानते हैं। इसी कार्यक्रम के अंर्तगत सत्र में एक बार रायपुर संभाग के चयनित विद्यार्थियों व शिक्षकों के एक दल को अहमदाबाद संभाग का प्रत्यक्ष दौरा भी करवाया जायेगा और अहमदाबाद के विद्यार्थी व शिक्षक छत्तीसगढ़ का दौरा करेंगे।