चुनावी माहौल में पार्टी छोड़कर लोगों का आना और जाना सामान्य घटनाक्रम : पल्लवी पटेल

वाराणसी, 11 मार्च (हि.स.)। अपनादल कमेरावादी की शीर्ष नेता और सिराथू की विधायक पल्लवी पटेल ने सोमवार को कहा कि लोकसभा चुनाव की तैयारियों के साथ पार्टी संगठन की मजबूती पर भी जोर है।

उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी इंडिया गठबंधन का हिस्सा है। कांग्रेस ने इस गठबंधन को बनाया है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समापन में कांग्रेस की तरफ से मुझे निमंत्रण मिला था। अभी सीटों के बंटवारे पर मुझे निमंत्रण नहीं मिला है। शहर में आई विधायक पल्लवी पटेल मीडिया से रूबरू थी।

विधायक पल्लवी ने कहा कि हमारे लिए सीटों की संख्या अहम नहीं है। पार्टी का उद्देश्य गठबंधन की मजबूती है। मिर्जापुर संसदीय क्षेत्र से लड़ने के सवाल पर पल्लवी पटेल ने कहा कि गठबंधन में उनकी पार्टी के हिस्से में जो भी सीटें आएंगी। उस पर पार्टी तय करेगी कि कौन कहा से चुनाव लड़ेगा। गठबंधन में शामिल कांग्रेस के बड़े नेताओं के पार्टी छोड़कर भाजपा में जाने से जुड़े सवाल पर पल्लवी पटेल ने कहा कि गठबंधन में जितनी भी पार्टियां शामिल हैं। हम सबका कर्तव्य है कि हर छोर पर मजबूती से गठबंधन के प्रत्याशी को जिताना। चुनाव का माहौल है पार्टी या गठबंधन छोड़कर लोगों का आना और जाना सामान्य घटनाक्रम है।

यूपी में पूरी 80 लोकसभा सीटें जीतने के भाजपा नेताओं के दावे पर पल्लवी पटेल ने तंज कसते हुए कहा कि हमें कोई अचरज नहीं है कि एनडीए 80 में से 82 सीटें जीतने का ताल भी ठोंके। हम विपक्ष में है गठबंधन के प्रत्याशी हर सीट पर मजबूती से लड़ेंगे। उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन बहुत मजबूती से लड़ रहा है। गठबंधन के मुख्य दल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी में सीटों का बंटवारा हो गया है।