संबलपुर स्कूल में बच्चे सीख रहे मार्शल आर्ट के दांव-पेंच


धमतरी, 20 मई (हि.स.)। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा इस वर्ष भी ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण का आयोजन किया गया है। इसी तारतम्य में जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय संबलपुर के प्रशिक्षक ओंकारलाल पटेल के मार्गदर्शन में 17 मई से छह जून तक मार्शल आर्ट ताइक्वांडो का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका शुभारंभ प्राचार्य शैलेंद्र तरार ने किया।

प्रशिक्षण के तीसरे दिन आज सोमवार को प्रशिक्षक ओंकारलाल पटेल ने कहा कि वर्तमान परिवेश में अपने आपको फिट रखने के लिए खेल बहुत जरूरी है साथ ही मार्शल आर्ट से अपने आप को सुरक्षित रख सकते हैं। पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी आवश्यक है। खेल से स्वस्थ तन और मन का विकास होता है। मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण सालभर दिया जाता है। अन्य छात्रों को मौका देने के लिए नि:शुल्क शिविर का आयोजन किया गया है।

ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर जारी

बाबू पंढरीराव कृदत्त इंडोर स्टेडियम में खेल युवा कल्याण विभाग धमतरी द्वारा 17 मई से छह जून तक बच्चों के लिए 21 दिवसीय समर कैंप का आयोजन किया गया है। प्रशिक्षण का निरीक्षण करने पहुंचे कुश्ती संघ के अध्यक्ष लक्ष्मण साहू पहलवान ने कहा कि कुश्ती खेल में शारीरिक दमखम के साथ मानिसक स्थिरता की आवश्यकता होती है। खूब मन लगाकर खेल खेलें। खेल में जीत हार लगी रहती है। प्रशिक्षण में अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करें। इस दौरान बच्चों को कुश्ती और कराते की बारीकियां सिखाई जा रह है। इस अवसर पर कराते संघ अध्यक्ष अशोक सिन्हा, कराते प्रशिक्षक हेमंत सर्वा, कुश्ती प्रशिक्षक विकास सिंह ठाकुर, व्यायाम प्रशिक्षक प्रदीप सिन्हा, पालक हरीश ध्रुव मौजूद थे।