मुख्यमंत्री 12 जुलाई को अवध शिल्प ग्राम में करेंगे आम महोत्सव का शुभारम्भ

लखनऊ, 10 जुलाई (हि.स.)। अमेरिका समेत दुनिया के कई देशों के बाजारों में उत्तर प्रदेश का आम पहुंच रहा है। वर्ष 2023 में जितना आम दुनिया के अन्य देशों में निर्यात किया गया था इस बार आम महोत्सव से पहले ही उतना आम निर्यात किया जा चुका है। यह जानकारी उद्यान, कृषि विपणन एवं कृषि विदेश व्यापार निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने दी।

कालिदास मार्ग स्थित अपने आवास पर पत्रकार वार्ता में उद्यान मंत्री सिंह ने बताया कि 12 जुलाई को 11 बजे अवध शिल्प ग्राम में आम महोत्सव का शुभारम्भ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। आम महोत्सव में 700 से अधिक आम की प्रजाति की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। यहां पर आम से बने व्यंजनों की भी प्रदर्शनी लगाई जाएगी। यह आम महोत्सव किसानों को सुविधा व विचारों के आदान प्रदान करने में महती भूमिका निभाता है। आम बागवान कैसे अपनी उपज का संवर्धन कर सकें और कैसे उचित रेट पा सकते हैं। आम महोत्सव में क्रेता—विक्रेता साथ—साथ बैठते हैं। मंत्री ने बताया कि अगले वर्ष आम उत्पादक किसानों को 01 करोड़ बैग नि:शुल्क बांटे जाएंंगे।

उद्यान मंत्री ने बताया कि आम का उत्पादन व गुणवत्ता अच्छी हो इसके लिए प्रयास हुआ है। इस वर्ष आम के फलों पर पैकिंग लगाई गई। इससे आम का अच्छा दाम मिला। सिंह ने बताया कि जेवर एयरपोर्ट शुरू हो जाने के बाद हम कार्गो जहाजों के माध्यम से दुनिया के बाजारों में आसानी से कम दामों में आम पहुंचा सकेंगे। आम महोत्सव के दौरान जापान व दुबई को आम निर्यात किया जाएगा।