मुख्यमंत्री को विभागों की समीक्षा के बजाय आत्म अवलोकन करना चाहिये : दीपक बैज

रायपुर, 15 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के द्वारा मंत्रियों के विभागों की समीक्षा फिजूल की कवायद है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि मुख्यमंत्री को मंत्रियों के विभागों की समीक्षा के बजाय अपनी पूरी सरकार का आत्म अवलोकन करना चाहिये। छह माह में भाजपा की पूरी सरकार ही विफल साबित हुई है, सिर्फ मंत्रियों के विभागों की समीक्षा से कुछ हासिल नहीं होने वाला है। पूरी सरकार हर मोर्चे पर फेल साबित हो चुकी है।

दीपक बैज ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार और कुशासन का दौर हावी है। विष्णुदेव सरकार की विफलताओं की पूरी श्रृंखला है। साय सरकार के छह माह में छत्तीसगढ़ बदहाल हो गया। कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गयी। एसपी कलेक्टर कार्यालय जला दिया गया। हत्याओं का नया रिकॉर्ड बन गया। प्रदेश में मॉब लिंचिंग शुरू हो गयी आरंग में दो लोगों की पीट-पीट कर हत्या हो गयी। गौ तस्करी की घटनायें शुरू हो गयी। अपराध और अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। नक्सलवादी घटनाओं में बढ़ोत्तरी हो गयी, नक्सली घटनायें बढ़ गयी। सरकार ने छह माह में कोई घोषित नक्सल नीति नहीं बनाया। रोज नक्सली हत्यायें कर रहे सरकार बयान देने तक सीमित है। रेत के दाम तीन गुना बढ़ गये। भाजपाई सत्ताधीशों और रेत माफियाओं के बीच सांठगांठ हो गयी है।

दीपक बैज ने कहा कि 18 लाख आवास देने का वादा था, 6 माह में एक भी नया मकान नहीं दे पाये। कांग्रेस राज में 7 किलो राशन मिलता था उसमें कटौती हो गयी। सरप्लस बिजली वाले छत्तीसगढ़ में बिजली कटौती शुरू हो गयी। जमीनों की रजिस्ट्री में जनता को लूटा जा रहा है। भूमि के गाईड लाईन के दर में 30 प्रतिशत के छूट को समाप्त कर दिया। लेकिन रजिस्ट्री फीस में चार प्रतिशत की बढ़ोत्तरी को नहीं हटाया गया। खाद बीज का संकट है, सरकार की तैयारियां पूरी नहीं है।