युवाओं को मानसिक व शारीरिक हृष्ट-पुष्ट बनाने में राहगीरी जैसे कार्यक्रम हैं कारगर : मुख्यमंत्री

0e1d0ad906222f17a7c0c60456374b55

चंडीगढ़, 14 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राहगीरी जैसे कार्यक्रम लोगों में एकता और प्रेम की भावना को जागृत करने के साथ-साथ युवाओं को मानसिक व शारीरिक दृष्टि से हष्ट-पुष्ट बनाने में भी कारगर होते हैं।

मुख्यमंत्री सैनी हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत रविवार को हर्बल पार्क अंबाला शहर के नजदीक आयोजित राहगीरी कार्यक्रम में उमड़े जनसैलाब को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले लोक निर्माण विश्राम गृह अम्बाला शहर के पास मुख्यमंत्री ने स्वयं साइकिल चलाकर लोगों को स्वस्थ रहने का संदेश दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने वन, पर्यावरण व वन्य प्राणी विभाग द्वारा वन क्षेत्र को बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे अभियान ‘एक पेड़ मां के नाम’ का संदेश भी दिया और उन्होंने स्वयं एक पौधा भी लगाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां अम्बा की पवित्र धरा अम्बाला की इस भूमि पर राहगीरी कार्यक्रम में पहुंचने पर मैं अपना सौभाग्य मानता हूं और सभी को कार्यक्रम का हिस्सा बनने पर बधाई देता हूं। राहगीरी कार्यक्रम में युवाओं द्वारा साइकिलिंग कर स्वस्थ रहने व नशे से दूर रहने का अच्छा संदेश है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गत 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान शुरू किया है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ने करनाल से 13 जुलाई को एक पेड़ मां के नाम के अभियान की शुरुआत की थी और इसी कड़ी में आज अंबाला में पौधारोपण किया। यह अभियान मानसून के दौरान सभी शिक्षण संस्थानों, सामाजिक-धार्मिक संगठनों व सरकारी विभागों द्वारा चलाया जाएगा।

पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षो में प्रदेश में करोड़ों पौधे लगाने का काम किया गया है और इस वर्ष अभी तक डेढ़ करोड़ से ज्यादा पौधे लगाए जा चुके हैं। एग्रो फोरेस्टी के माध्यम से भी किसानों के खेतों में पौधे लगवाए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अपने बच्चे के जन्म दिवस, सालगिरह व अन्य सामाजिक महोत्सव के दौरान भी एक पेड़ लगाकर इस समारोह को यादगार बनाएं। राहगीरी कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार की शारीरिक गतिविधियों से संबंधित 23 एक्टिविटी जिसमें खेल जैसे रस्साकस्सी, कबड्डी, फुटबॉल, वेटलिफ्टिंग, मलखम, नुक्कड़ नाटक और वालीबॉल करवाए गए, जिन्हें देख लोग रोमांचित हो गए। इस मौके पर परिवहन, महिला बाल विकास राज्यमंत्री असीम गोयल व जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न भेंट कर उनका यहां पहुंचने पर भव्य अभिनंदन भी किया।