मुख्यमंत्री डॉ सरमा ने गुवाहाटी बशिष्ठ फ्लाईओवर और जयनगर अंडरपास का किया उद्घाटन

गुवाहाटी (असम), 14 मार्च (हि.स.)। गुवाहाटी और अन्य स्थानों के लोगों को निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करने की दिशा में कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने आज बशिष्ठ फ्लाईओवर और जयनगर अंडरपास का उद्घाटन किया। आज यहां आयोजित एक समारोह में गुवाहाटी बाईपास के 6-लेन के एक हिस्से का उद्घाटन किया गया।

ज्ञात हो कि गुवाहाटी बाइपास के 4-लेन का काम पहले एनएचएआई द्वारा किया गया था। गुवाहाटी शहर में यातायात की भीड़ को कम करने के लिए, एनएचएआई ने इस बाईपास को मौजूदा 4-लेन से 6-लेन में अपग्रेड करने का काम शुरू किया, जिसमें 443.93 करोड़ रुपये की कुल लागत पर बोरागांव, गरचुक, लोखरा और बशिष्ठ जैसे महत्वपूर्ण जंक्शनों पर फ्लाईओवर और अंडरपास का निर्माण शामिल है। गुवाहाटी बाईपास की लंबाई 17 किमी (लगभग) है, जिसमें चार फ्लाईओवर का निर्माण किया गया है। इसके अलावा, इस बाईपास में जयनगर और बेहारबारी में अंडरपास का भी निर्माण किया गया है, जिससे यात्रियों को सुविधा होगी।

राजमार्ग यातायात और शहर यातायात को अलग कर दिया गया है, जिसके परिणामस्वरूप सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा और आराम सुनिश्चित किया गया है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ सरमा ने कहा, “इस शुभ दिन पर 1.8 किलोमीटर लंबे बशिष्ठ फ्लाईओवर और जयनगर अंडरपास को सार्वजनिक उपयोग के लिए खोला जा रहा है। इससे बशिष्ठ जंक्शन और जयनगर जंक्शन पर यातायात की भीड़ कम हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इस फ्लाईओवर के खुलने से गुवाहाटी शहर से होकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात की गतिशीलता में सुधार होगा और साथ ही बशिष्ठ और जयनगर जंक्शन पर भीड़ कम होगी। उन्होंने यह भी कहा कि आराम के साथ-साथ सड़क सुरक्षा भी कई गुणा बढ़ जाएगी, जिससे कीमती जिंदगियां बचाई जा सकेंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस फ्लाईओवर के उद्घाटन से यात्रा समय में कमी के साथ गुवाहाटी हवाई अड्डे से कनेक्टिविटी में सुधार होगा।

डॉ सरमा ने यह भी कहा कि डिमा हसाओ जिले में नृंबंगलो-जतिंगा-हरंगाजाओ खंड से 4-लेन कार्य की एक और महत्वपूर्ण परियोजना लुमडिंग को सिलचर से जोड़ने के लिए निर्माणाधीन है। परियोजना की लंबाई 49.43 किमी है और इसकी अनुमानित लागत रु. 1676.70 करोड़ रुपए है। उन्होंने एनएचएआई को 2026 तक परियोजना को पूरा करने के लिए कहा।

उन्होंने कहा कि 63.44 किमी की लंबाई वाले ब्रह्मपुत्र पर 6 लेन पुल के साथ गुवाहाटी रिंग रोड के निर्माण पर कार्य हो रहा है, जिसमें कुल परियोजना लागत 5729.47 करोड़ रुपये है। मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना के लिए टेंडर पहले ही आमंत्रित की जा चुकी है और वन्यजीव मंजूरी और भूमि अधिग्रहण हासिल कर लिया गया है।

इसके अलावा, कलियाबर से नुमलीगढ़ तक 85.68 किमी की कुल लंबाई के लिए 4-लेन कार्य के संबंध में, जिसमें 5500 करोड़ रुपये की परियोजना लागत के साथ काजीरंगा में 35 किमी लंबाई का एलिवेटेड कॉरिडोर शामिल है। डॉ सरमा ने कहा कि परियोजना के लिए वन्यजीव मंजूरी मिल चुकी है और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज गति से चल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुवाहाटी में 6-लेन बाईपास का निर्धारित पूरा होने का समय अगस्त 2024 था। हालांकि, एनएचएआई ने गुवाहाटी शहर में यातायात की भीड़ को कम करने के लिए लगातार काम किया है, जिससे असम के लोगों को आराम मिले और अपने निरंतर और ईमानदार प्रयासों से यह काम तय समय से करीब पांच महीने पहले ही पूरा कर लिया गया है। उन्होंने असम में सड़क परियोजनाओं को महत्व देने में उनकी पूरी मदद के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को धन्यवाद दिया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ सांसद क्वीन ओझा, पबित्र मार्घेरिटा, जीएमसी मेयर मृगेन सरणिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।