महाराष्ट्र में जातीय तनाव बढ़ा कर दंगा भड़काने की साजिश रच रहे हैं छगन भुजबल : मनोज जारांगे पाटिल

मुंबई, 06 जुलाई (हि.स.)। मराठा नेता मनोज जारांगे पाटिल ने शनिवार को हिंगोली में कहा कि मंत्री छगन भुजबल जातीय तनाव बढ़ाकर दंगा भडडकाने की साजिश रच रहे हैं। जारांगे पाटिल ने सूबे के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस को सावधान रहने की भी अपील की है। मनोज जारांगे ने कहा कि अगर मराठा समाज को आश्वासन के अनुसार आरक्षण नहीं मिला तो वे अपनी अगली रणनीति तय करेंगे।

मनोज जारांगे पाटिल ने शनिवार को हिंगोली जिले से मराठा आरक्षण जागरूकता शांति रैली की शुरुआत की। इसी दौरान मनोज जारांगे पाटिल ने पत्रकारों को बताया कि राज्य सरकार को सरकार टिकाए रखने के लिए मंत्री छगन भुजबल की जरूरत है। लेकिन छगन भुजबल ही मराठा आरक्षण न मिले इसका प्रयास कर रहे हैं। इसके लिए छगन भुजबल ने राज्य में जगह-जगह मराठा आरक्षण का विरोध करने के लिए नेताओं की फौज खड़ा किया है। जारांगे ने कहा कि छगन भुजबल जातीय तनाव पैदा करने और फिर दंगा भड़काने की भी साजिश रच रहे हैं, लेकिन छगन भुजबल की इस साजिश को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा।

मनोज जारांगे पाटिल ने कहा कि सरकार ने पहले 16 फीसदी आरक्षण दिया लेकिन वह टिक नहीं पाया। बाद में 13 प्रतिशत दिया गया था लेकिन उसे टिकने नहीं दिया गया, अब 10 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है, लेकिन उसके लागू होने से पहले एक याचिका दायर की गई है। यह मराठों के आरक्षण को टिकने नहीं देने की चाल है। मनोज जारांगे ने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आरक्षण नहीं मिला तो हम विधानसभा में कम से कम 200 जगहों पर सूपड़ा साफ कर देंगे।